मुख्यमंत्री के ओएसडी सुखवीर सिंह की उपस्थिति में पुष्पिंदर शर्मा ने पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन, धूरी के चेयरमैन का पदभार संभाला
संगरूर, 8 फरवरी:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ओएसडी सुखवीर सिंह तथा पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों की उपस्थिति में पुष्पिंदर शर्मा ने पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन, धूरी के चेयरमैन का पदभार ग्रहण किया। इसके उपरांत उन्होंने पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन धूरी के चेयरमैन एवं कमीशन के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं पर विचार-विमर्श करना तथा उन्हें सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन देना था।
बैठक के दौरान ओएसडी सुखवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार व्यापारियों एवं उद्योगपतियों के लिए पारदर्शी, सरल एवं सुरक्षित व्यापारिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा, ताकि व्यापारिक गतिविधियों को और गति मिल सके।
इस अवसर पर पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन धूरी के चेयरमैन पुष्पिंदर शर्मा एवं सदस्यों द्वारा व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों—जैसे बुनियादी ढांचे, सुविधाओं, सुरक्षा एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने—संबंधी सुझाव साझा किए गए। ओएसडी सुखवीर सिंह ने आश्वासन दिया कि इन सभी सुझावों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सुखवीर सिंह ने कहा कि व्यापारी वर्ग पंजाब की आर्थिक प्रगति का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और सरकार द्वारा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बैठकों से सरकार और व्यापारियों के बीच सीधा संवाद और अधिक मजबूत होगा।
बैठक के दौरान पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन धूरी के चेयरमैन पुष्पिंदर शर्मा ने कहा कि ट्रेडर्स कमीशन द्वारा ब्लॉक स्तर पर व्यापारियों के साथ बैठकें आयोजित कर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
बैठक में कमीशन के सदस्य जगतार सिंह, बसंत लाल, अमन खान, संदीप सिंह, बलाल खान, कुलदीप सिंह, राजिंदर कुमार, अवतार सिंह, दीपक वर्मा तथा जसवीर सिंह ने पंजाब सरकार द्वारा व्यापारियों के लिए लिए जा रहे जनहितैषी फैसलों की सराहना करते हुए भविष्य में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों, पंजाब वक्फ बोर्ड के सदस्य डॉ. अनवर भसौड़, अनिल मित्तल, रमणदीप सिंह, नरेश सिंगला, जसपाल भुल्लर एवं रछपाल सिंह भी उपस्थित थे।


