नवोदय विद्यालय की कक्षा 9वीं प्रवेश परीक्षा के मद्देनज़र सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल शेरगढ़ में अवकाश: आशिका जैन
होशियारपुर, 6 फरवरी:
जिला मजिस्ट्रेट आशिका जैन ने बताया कि 7 फरवरी को जवाहर नवोदय विद्यालय फलाही की कक्षा 9वीं में दाखिले हेतु जेएनवी लेटरल एंट्री सिलेक्शन टेस्ट–2026 का आयोजन सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शेरगढ़, होशियारपुर में किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु 7 फरवरी 2026 को उक्त स्कूल/केंद्र में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्र के आसपास विशेष प्रबंध किए गए हैं। आमतौर पर यह देखा गया है कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों के रिश्तेदार एवं अन्य व्यक्ति परीक्षा केंद्रों के आसपास एकत्र हो जाते हैं, जिससे किसी अप्रिय घटना की संभावना बनी रहती है तथा परीक्षा की पवित्रता भंग हो सकती है।
इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए हैं कि 7 फरवरी 2026 को सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शेरगढ़ के परीक्षा केंद्र के चारों ओर 100 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।


