पंजाब सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सेहतमंद जीवनशैली की ओर बढ़ावा देने के लिए लगातार कर रही है प्रयास: मोहिंदर भगत
जालंधर, 7 फरवरी: पंजाब सरकार की 'युद्ध नशे के विरुद्ध पहल के तहत, वासल एजुकेशन द्वारा जालंधर प्रशासन के सहयोग से आयोजित जालंधर प्रीमियर लीग-2025 का ग्रैंड फिनाले मैच आज स्थानीय आई.वी. वर्ल्ड स्कूल में स्कूल ऑफ एमिनेंस, लाडोवाली रोड और गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लम्मा पिंड के बीच खेला गया, जिसमें स्कूल ऑफ एमिनेंस, लाडोवाली रोड ने जीत हासिल की।
इस मौके पर, इनाम बांटने के समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ्य जीवन शैली की ओर बढ़ावा देने के लिए लगातार कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए पंजाब सरकार जहां खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है, वहीं देश-विदेश में राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की इनामी राशि भी बढ़ाई गई है। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट दीपक बाली भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि लीग के फाइनल मैच में दो सरकारी स्कूलों का आना इस बात का सबूत है कि पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों में छात्रों को अच्छी शिक्षा देने के साथ-साथ खेलों के लिए सही माहौल और सुविधाएं भी दे रही है।
कैबिनेट मंत्री ने युवाओं को कोई न कोई खेल जरूर खेलने के लिए प्रेरित किया और कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि जीवन में टीम वर्क, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना भी पैदा करते हैं। उन्होंने युवाओं से देश और दुनिया में राज्य का नाम रोशन करने के लिए खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
जालंधर प्रीमियर लीग पहल की तारीफ करते हुए श्री भगत ने कहा कि इस लीग के जरिए न सिर्फ उभरते खिलाड़ियों को अपना खेल दिखाने का अच्छा प्लेटफॉर्म मिला है बल्कि इस पहल ने युवा खिलाड़ियों में नया जोश और उत्साह भी भरा है।
मैच के आखिर में कैबिनेट मंत्री और दूसरे मेहमानों ने मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट और बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट को सम्मानित किया। इसके अलावा जालंधर प्रीमियर लीग-2025 की विजेता टीम स्कूल ऑफ एमिनेंस, लाडोवाली रोड को भी सम्मानित किया।
इससे पहले, राज्यसभा मेंबर अशोक कुमार मित्तल ने ग्रैंड फिनाले मैच का उद्घाटन किया। इस मौके पर आप नेता नितिन कोहली भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि जालंधर प्रीमियर लीग के तहत हुए क्रिकेट मुकाबलों में 16 स्कूल टीमों ने हिस्सा लिया था और आज हुए फाइनल मैच में स्कूल ऑफ एमिनेंस, लाडोवाली रोड और गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लम्मा पिंड के बीच दिलचस्प मुकाबला हुआ, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल और अनुशासन दिखाया।


