ऊना रोड की बदहाल स्थिति पर विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा सख्त, जल्द सुधार के निर्देश
होशियारपुर, 31 जनवरी:
विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के साथ ऊना रोड का संयुक्त निरीक्षण किया और सड़क की दयनीय स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। इस अवसर पर नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट डायरेक्टर के प्रतिनिधि को मौके पर बुलाकर सड़क की दुर्दशा से अवगत करवाया गया तथा लोगों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
विधायक ज़िम्पा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक यह प्रोजेक्ट पूरी तरह से सम्पन्न नहीं हो जाता, तब तक ऊना रोड को हर हाल में मोटरेबल बनाए रखा जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं और सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है, जिसे किसी भी सूरत में नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सड़क की खराब हालत के कारण कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नेशनल हाईवे अथॉरिटी की होगी। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्थायी मरम्मत, गड्ढों को भरने, जल निकासी की उचित व्यवस्था और सड़क को समतल करने का कार्य तुरंत शुरू किया जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके।
विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने बताया कि ऊना रोड की खस्ता हालत के बारे में वे पहले ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को अवगत करवा चुके हैं और इस संबंध में शीघ्र समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने भी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम मुकेरियां ओएशी मंडल, एसडीएम होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, अजय मोहन बब्बी के अलावा स्थानीय निवासी भी मौजूद थे।


