पंजाब सरकार ने शुरू की दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा पहल: करमजीत कौर
होशियारपुर, 15 फरवरी:
जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन करमजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री सेहत योजना देश ही नहीं बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा पहलों में से एक है, जिसके माध्यम से रोज़ाना बड़ी संख्या में ज़रूरतमंद परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत ज़िले में स्वास्थ्य कार्ड बनाने के लिए 343 विशेष कैंप लगाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि यह योजना 22 जनवरी से पूरे पंजाब में लागू हो चुकी है और इसके तहत लगभग 65 लाख परिवारों को कवर किया जा रहा है। इससे करीब 3 करोड़ लोगों को 10 लाख रुपए तक का कैशलेस और मुफ्त इलाज उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत राज्य भर में लगभग 900 सरकारी व निजी अस्पताल सूचीबद्ध किए गए हैं तथा 2356 प्रकार के उपचार पैकेज शामिल किए गए हैं।
करमजीत कौर ने बताया कि स्वास्थ्य कार्ड बनवाने के लिए पहले लाभार्थियों को अपॉइंटमेंट स्लिप दी जाती है, जिसके बाद उनका पंजीकरण किया जाता है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए आधार कार्ड और वोटर कार्ड आवश्यक है, जबकि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड जरूरी है।
उन्होंने ज़िला वासियों से अपील की कि वे अपने नज़दीकी कैंपों में पहुंचकर स्वास्थ्य कार्ड अवश्य बनवाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर वे 10 लाख रुपए तक के मुफ्त उपचार की सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि मान सरकार का उद्देश्य हर परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना और आर्थिक बोझ से राहत देना है।


