‘गैंगस्टरां ते वार’ का 24वां दिन: पंजाब पुलिस ने 888 स्थानों पर छापेमारी की; 256 गिरफ्तार
चंडीगढ़, 13 फरवरी
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत शुरू की गई निर्णायक ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम के 24वें दिन, पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े पहचाने गए और मैप किए गए ठिकानों पर 888 छापेमारियां कीं।
जानकारी के अनुसार, ‘गैंगस्टरां ते वार’ - पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए छेड़ी गई एक निर्णायक जंग - 20 जनवरी, 2026 को डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा शुरू की गई थी। इसके तहत सभी जिलों की पुलिस टीमों द्वारा एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से पूरे राज्य में विशेष कार्रवाई की जा रही हैं।
इस मुहिम के 24वें दिन, पुलिस टीमों ने 256 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही मुहिम की शुरुआत से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 9,012 हो गई है।
इसके अलावा 129 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई, जबकि 239 व्यक्तियों की जांच की गई और पूछताछ के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। पुलिस टीमों द्वारा कार्रवाई के दौरान 7 भगोड़े अपराधी (पीओ) को भी गिरफ्तार किया गया है।
वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों के बारे में जानकारी और अपराध तथा आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना देने के लिए लोग गुप्त रूप से एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ को 349वें दिन भी जारी रखा है, जिसमें शुक्रवार को 76 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 3.9 किलो हेरोइन, 7 किलो भुक्की, 526 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 11,500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इससे केवल 349 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 49,440 हो गई है। नशा छुड़ाने की मुहिम के हिस्से के रूप में पंजाब पुलिस ने आज 36 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास के इलाज के लिए राजी किया है।


