नेचर फेस्ट के दूसरे दिन खरीदारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दिखा जलवा
होशियारपुर, 14 फरवरी– नेचर फेस्ट होशियारपुर के दूसरे दिन लाजवंती स्पोर्ट्स स्टेडियम में भारी संख्या में लोग पहुंचे और जमकर खरीदारी की। इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
मेले में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, जैविक उत्पादों और अन्य सामानों की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। लोगों ने तरह-तरह के स्टॉलों पर जाकर खरीदारी की और स्थानीय उत्पादों को खूब सराहा। खाने-पीने के स्टॉलों पर भी काफी भीड़ देखी गई, जहां पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ उठाया गया।
दूसरे दिन की खासियत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे, जिनमें लोकनृत्य, गायन प्रतियोगिता और रंगारंग प्रस्तुतियां शामिल थी। पंजाबी भांगड़ा और गिद्दा की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, जिससे दर्शकों का उत्साह चरम पर था। ज़िला रेडक्रॉस सोसायटी का विंग्स प्रोजेक्ट का स्टाल भी आकर्षण का केंद्र बना रहा।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि नेचर फेस्ट का उद्देश्य न केवल लोगों का मनोरंजन करना है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने बताया कि ‘ नेचर फेस्ट होशियारपुर’ के माध्यम से प्रकृति की गोद में बसे होशियारपुर में पर्यटन की असीम संभावनाओं से लोगों को रुबरु करवाना है भी है।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि 15 फरवरी को प्रसिद्ध गायक प्रभ गिल की सिंगर नाइट मुख्य आकर्षण रहेगी। उन्होंने बताया कि सिंगर नाईट में खुला प्रवेश है। इस लिए लोग अपने चहेते गायक को सुनने के लिए जरूर पहुंचे। इसके अलावा 15 को साइक्लोथॉन, तलवाड़ा में बर्ड वॉचिंग, फॉरेस्ट डिस्कवरी ट्रेल (ऑफ-रोडिंग व ट्रैकिंग), बोटिंग एवं ट्रेजर हंट का भी लोग लुत्फ उठा पाएंगे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लें और इस पहल को सफल बनाएं। उन्होंने बताया कि नेचर फेस्ट के दौरान लोगों के लिए खुला प्रवेश है और स्टेडियम में विभिन्न चीजों, कलाकृतियों और सामान की पेशकश करते हुए 100 के करीब स्टॉल लगे हैं।


