कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत ने सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों को सम्मान राशि के चैक सौंपे

कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत ने सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों को सम्मान राशि के चैक सौंपे

होशियारपुर, 14 फरवरी:
कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने आज बीडीपीओ कार्यालय होशियारपुर-1 में विधानसभा शाम चौरासी क्षेत्र की 59 ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों हेतु 5-5 लाख रुपए की राशि के चैक वितरित किए। उन्होंने बताया कि यह राशि उन पंचायतों को प्रदान की गई है, जहां हालिया ग्राम पंचायत चुनावों में सर्वसम्मति से पंचायतों का चयन किया गया था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा घोषणा की गई थी कि सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों को गांव के समग्र विकास के लिए विशेष सम्मान राशि दी जाएगी। सरकार की इसी प्रतिबद्धता को पूरा करते हुए पंचायतों को यह राशि जारी की गई है।

डॉ. रवजोत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा शाम चौरासी क्षेत्र में कुल 267 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से 59 पंचायतों में सर्वसम्मति से प्रतिनिधि चुने गए। इनमें 15 पंचायतें ब्लॉक भूंगा तथा 44 पंचायतें होशियारपुर ब्लॉक-1 से संबंधित हैं। प्रत्येक पंचायत को 5-5 लाख रुपए की राशि जारी की गई है। इस प्रकार विधानसभा क्षेत्र शाम चौरासी के लिए कुल 2 करोड़ 95 लाख रुपए की विकास राशि प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान राशि गांवों में बुनियादी ढांचे के सुधार, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, गलियों-नालियों के निर्माण, सामुदायिक सुविधाओं तथा अन्य जनहित कार्यों पर खर्च की जाएगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि राशि का पारदर्शी और जनहित में उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने अपना वादा पूरा कर ग्रामीण विकास को नई गति दी है।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य, बीडीपीओ भूंगा, बीडीपीओ होशियारपुर-1 तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।