जूनियर महिला एशिया कप: भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से रौंदा, रचा इतिहास; सेमीफाइनल में बनाई जगह
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी। पूरे मुकाबले के दौरान पाकिस्तानी टीम एक भी गोल नहीं कर पाई। महिला जूनियर हॉकी के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ यह भारत की अब तक की सबसे बड़ी और रिकॉर्ड जीत है।
डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने मैच के शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और पहले हाफ में 10 तथा दूसरे हाफ में 9 गोल दागे। भारत की ओर से पूजा मलिक ने शानदार हैट्रिक जमाई, जबकि सानिका चंद्रकांत माने, मधु सिदार, रोशनी ऐंद और सुप्रिया ने 2-2 गोल किए।
मैच के पहले क्वार्टर में ही भारत ने 5 गोल दाग दिए थे। पूजा साहू ने 7वें मिनट में खाता खोला, इसके बाद रोशनी ऐंद, तनुश्री दिनेश कडू, सुखवीर कौर और सानिका माने ने गोल दागे। दूसरे क्वार्टर में मधु सिदार, गीता यादव, सानिका माने, तनुजा टोप्पो और पूजा मलिक के गोलों की बदौलत हाफ टाइम तक भारत 10-0 की मजबूत बढ़त पर था।
तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी भारतीय फॉरवर्ड्स का दबदबा कायम रहा। पूर्णिमा यादव, कृष्णा शर्मा और बिनीमा धन ने भी गोल किए। पूजा मलिक ने 49वें और 51वें मिनट में बैक-टू-बैक गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की। मैच के 60वें मिनट में रोशनी ने भारत का 19वां गोल दागा।
.png)
मैच के आंकड़ों की बात करें तो भारत को 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जबकि पाकिस्तान को पूरे मैच में न तो कोई गोल मिला, न पेनल्टी कॉर्नर और न ही पेनल्टी स्ट्रोक। ग्रुप स्टेज में जापान, मलेशिया और साउथ कोरिया को हराने वाली भारतीय टीम टूर्नामेंट में अजेय बनी हुई है। भारतीय टीम अब 12 सितंबर को सेमीफाइनल मुकाबले में उतरेगी।


