कैबिनेट मंत्री पंजाब श्री लाल चंद कटारूचक्क ने शिंगारमा पुल का शिलान्यास किया

कैबिनेट मंत्री पंजाब श्री लाल चंद कटारूचक्क ने शिंगारमा पुल का शिलान्यास किया

*चंडीगढ़/पठानकोट, 9 सितंबर:*
 
विधानसभा हलका भोआ के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए कैबिनेट मंत्री पंजाब श्री लाल चंद कटारूचक्क ने आज गांव कोलियां के निकट शिंगारमा पुल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में इलाके के निवासी, पंचायती प्रतिनिधि मौजूद थे।

इस अवसर पर संबोधन करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि उन्हें अपने हलके के लोगों के बीच आकर हमेशा खुशी महसूस होती है और आज का दिन उनके लिए विशेष है, क्योंकि लंबे समय से इलाके के लोगों द्वारा शिंगारमा में पुल बनाने की मांग की जा रही थी, जिसे पंजाब सरकार द्वारा पूरा किया गया है।

उन्होंने बताया कि विधानसभा हलका भोआ में तीन नए पुलों को मंजूरी मिली है, जिन पर करीब 62 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इनमें से शिंगारमा के निकट बनने वाले पुल का निर्माण कार्य आज शुरू करवाया गया है। इसके अलावा जलालिया नाले पर बनने वाले पुल का निर्माण कार्य भी एक सप्ताह के अंदर शुरू करवाने की बात उन्होंने कही। तीसरा पुल घरोटा के निकट सांभला में बनाया जाना है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि शिंगारमा में बनने वाला पुल लगभग 165 मीटर लंबा और 42 मीटर चौड़ा होगा, जिसके निर्माण पर 17 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि यह पुल रावी दरिया के पार बसे करीब 60-65 गांवों के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा और इलाके की आवाजाही और कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा।

श्री कटारूचक्क ने कहा कि रावी दरिया के पार के इलाके के लोगों को पिछले लंबे समय से कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार द्वारा हलके के लोगों की जरूरतों और मांगों को ध्यान में रखते हुए सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे से संबंधित विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान हलका भोआ के विभिन्न गांवों में सड़कों के निर्माण सहित कई विकास कार्य करवाए गए हैं। लोगों की स्वास्थ्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस इलाके में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल खोलने की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके अलावा नरोट जैमल सिंह से सीधा कीड़ी को जोड़ने वाले एक बड़े पुल का प्रोजेक्ट भी प्रक्रिया अधीन है और इसके निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य हलका भोआ को बेहतर कनेक्टिविटी और मजबूत बुनियादी ढांचे से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि भोआ हलका अब कनेक्टिविटी और पुलों के विकास के मामले में न केवल पंजाब, बल्कि देश के नक्शे पर अपनी विशेष पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने शिंगारमा पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत पर समस्त हलका वासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट इलाके के लोगों के लिए लाभदायक रहेगा और आवाजाही की समस्याओं को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर ब्लॉक समिति चेयरमैन धर्मपाल, ब्लॉक प्रधान सूबेदार कुलवंत सिंह, सरपंच बमियाल मनीष गुप्ता, सरपंच कोलियां राजू, सरपंच कोट भट्टियां राजेश ठाकुर, सरपंच ढींडा राजिंदर सिंह, ब्लॉक समिति सदस्य मदन कुमार, राज कुमार, बिशन दास, यशपाल वर्मा, सरपंच कोटली विपन कुमार, सरपंच किलपुर बोधराज, समिति सदस्य नरेश कुमार, ब्लॉक प्रधान संदीप महाजन, काउंसलर करम चंद, सर्कल प्रधान यशपाल दतियाल, सरपंच माखनपुर मंगा राम, ब्लॉक समिति सदस्य ललिता देवी और बड़ी संख्या में इलाके के निवासी उपस्थित थे।
----------- 

Related Posts