पंजाब ने मोहाली को उत्तरी भारत के अगले जीसीसी हब के रूप में पेश किया: अमन अरोड़ा ने बेंगलुरु में दुनिया की दिग्गज कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए किया आकर्षित

पंजाब ने मोहाली को उत्तरी भारत के अगले जीसीसी हब के रूप में पेश किया: अमन अरोड़ा ने बेंगलुरु में दुनिया की दिग्गज कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए किया आकर्षित

चंडीगढ़/बेंगलुरु, 20 अगस्त:

 पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य तथा निवेश प्रोत्साहन मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने बेंगलुरु में आयोजित दो दिवसीय व्यापक निवेश संपर्क कार्यक्रम के दौरान राज्य के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने मोहाली को उत्तरी भारत के अगले ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) और प्रौद्योगिकी हब के रूप में प्रस्तुत किया, जो टियर-2 शहर की लागत पर टियर-1 शहर जैसी क्षमताएं उपलब्ध कराता है।
इस अवसर पर उन्होंने भारत में नए ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), आईटी/आईटीईएस, अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) तथा सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तलाश रही विश्व की प्रमुख कंपनियों को पंजाब की क्षमताओं और विशेषताओं से अवगत कराया।

यह निवेश संपर्क कार्यक्रम मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की उस मजबूत रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भारत के प्रमुख व्यापारिक एवं प्रौद्योगिकी केंद्रों में कॉरपोरेट निर्णयकर्ताओं, जीसीसी प्रमुखों तथा इकोसिस्टम से जुड़े भागीदारों के साथ सीधे संपर्क स्थापित कर पंजाब, विशेषकर मोहाली को वैश्विक निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

19 और 20 अगस्त को आयोजित दो दिवसीय दौरे के दौरान श्री अमन अरोड़ा ने पंजाब के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। ज़िनोव कॉन्फ्लुएंस 2026 के सहयोग से प्रमुख जीसीसी कंपनियों के साथ उच्चस्तरीय सीएक्सओ गोलमेज बैठक आयोजित की गई। इसके अलावा, विश्व की विभिन्न प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया गया तथा पंजाब की क्षमताओं का लाभ उठाने के लिए इकोसिस्टम भागीदारों के साथ संभावित सहयोग की रूपरेखा तैयार की गई।

गोलमेज बैठक में ज़िनोव, नैसकॉम, टेकेडा, विंगबॉक्स एआई, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स, फेस्टो, नागारो, ऑस्ट्रिया के दूतावास तथा प्रमुख जीसीसी, प्रौद्योगिकी और परामर्श क्षेत्र के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान प्रतिभा, तुरंत उपयोग के लिए उपलब्ध बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी, लागत संबंधी प्रतिस्पर्धात्मकता, जीवन की बेहतर गुणवत्ता तथा मजबूत इकोसिस्टम जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

पंजाब में निवेश का निमंत्रण देते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि मोहाली टियर-2 शहर की परिचालन लागत पर टियर-1 शहर जैसी क्षमताएं उपलब्ध कराता है। चंडीगढ़-मोहाली क्षेत्र में पहले से ही तकनीकी पेशेवरों का मजबूत आधार मौजूद है और हर वर्ष 40,000 से अधिक नए स्नातक तैयार होते हैं। टियर-1 शहरों की तुलना में महत्वपूर्ण लागत लाभ, तैयार तथा विकसित हो रहे प्लग-एंड-प्ले व्यावसायिक स्थान और चंडीगढ़-मोहाली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की निकटता मोहाली को एक प्रभावी निवेश गंतव्य बनाती है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति जीसीसी के लिए विशेष सहायता उपलब्ध कराती है, जिसमें प्रति कर्मचारी प्रति माह 7,500 रुपये तक रोजगार सब्सिडी, किराया सब्सिडी, पूंजीगत सब्सिडी तथा अन्य वित्तीय प्रोत्साहन शामिल हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने ज़िनोव, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स, एनएक्सपी सेमीकंडक्टर्स, नेक्सटियर ऑटोमोटिव और ग्लोबलफाउंड्रीज़ के साथ भी विचार-विमर्श किया। इन बैठकों में जीसीसी, आरएंडडी, सेमीकंडक्टर डिजाइन एवं ईएसडीएम, एडवांस्ड मोबिलिटी, एग्रीटेक तथा प्रौद्योगिकी आधारित निवेश के अवसरों पर चर्चा की गई।
विचार-विमर्श के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि पंजाब को केवल लागत लाभ के आधार पर नहीं, बल्कि उद्योग-विशिष्ट कौशल, गहन प्रौद्योगिकी क्षमताओं, नवाचार, मजबूत बुनियादी ढांचे तथा उद्योग-अकादमिक-स्र्टाटअप के मजबूत संबंधों पर आधारित विविधतापूर्ण मूल्य प्रस्ताव के रूप में स्थापित किया जाना चाहिए।

इसके अलावा, पंजाब के प्रतिनिधिमंडल ने जीसीसी संपर्क कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए संभावित सहयोग के संबंध में एएनएसआर मैनेजमेंट के साथ भी विस्तृत चर्चा की। प्रस्तावित साझेदारी के तहत भारत के प्रमुख तकनीकी केंद्रों में जीसीसी प्रमुखों के साथ क्षेत्र-विशिष्ट गोलमेज बैठकें आयोजित करने, अंतरराष्ट्रीय कंपनियों तथा विदेशों में रह रहे भारतीयों तक पहुंच बनाने और विश्वविद्यालयों एवं उद्योगों के सहयोग से पंजाब में एआई तथा जीसीसी आधारित प्रतिभाओं के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

ज़िनोव कॉन्फ्लुएंस 2026 में एक इवेंट पार्टनर के रूप में पंजाब ने ज़िनोव आइकॉन 2026 पुरस्कार समारोह में भी भाग लिया। इस अवसर पर श्री अमन अरोड़ा ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट पहल के लिए जीसीसी और उनकी टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने सभी विजेताओं को नवाचार तथा भारत के तेजी से विकसित हो रहे जीसीसी इकोसिस्टम को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए बधाई दी।

बेंगलुरु निवेश संपर्क कार्यक्रम के बाद चिन्हित कंपनियों और इकोसिस्टम भागीदारों के साथ संरचित तरीके से आगे संपर्क स्थापित किया जाएगा। पंजाब अब मोहाली को जीसीसी और प्रौद्योगिकी निवेश के लिए उत्तरी भारत के अगले पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। 

Advertisement

Latest

फाजिल्का पुलिस ने ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान के दौरान 924 एनडीपीएस मामलों में 1,331 आरोपियों को किया गिरफ़्तार
गैंगस्टरां ते वार’: 7 महीनों में 62,641 व्यक्ति गिरफ्तार
पंजाब ने मोहाली को उत्तरी भारत के अगले जीसीसी हब के रूप में पेश किया: अमन अरोड़ा ने बेंगलुरु में दुनिया की दिग्गज कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए किया आकर्षित
पंजाब पुलिस का वर्ष भर चलने वाला लिंग संवेदनशीलता एवं मेनस्ट्रीमिंग प्रशिक्षण परियोजना एम.आर.एस.पी.पी.ए. फिल्लौर में हुआ संपन्न
पंजाब ने मोहाली स्थित सरकारी संस्थान में तीन और सफल लिवर ट्रांसप्लांट करके एक और मील का पत्थर हासिल किया: डॉ. बलबीर सिंह