स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह द्वारा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड बनाने की प्रगति की समीक्षा
संगरूर, 16 फरवरी:
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज संगरूर जिले में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे कार्डों की प्रगति की उच्च स्तरीय बैठक के दौरान समीक्षा की। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे तथा कार्ड बनाने की प्रक्रिया को मिशन मोड में पूरा किया जाए। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा तथा सहायक कमिश्नर कृपालवीर सिंह भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना इस दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य आम लोगों को आर्थिक बोझ से राहत प्रदान करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि संगरूर जिले में कार्ड बनाने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए जिला स्तर पर माइक्रो मैनेजमेंट लागू किया गया है। इसके तहत विधानसभा क्षेत्र स्तर पर लक्ष्य निर्धारित कर प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रतिदिन 8 कैंप लगाए जा रहे हैं, जिसके अंतर्गत जिले में कुल 40 विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष कैंपों के अतिरिक्त कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) को भी योजना से जोड़ा गया है, ताकि लोग अपने नजदीकी केंद्रों पर ही कार्ड बनवा सकें।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पढ़े-लिखे युवाओं से अपील की कि वे सब-ऑपरेटर के रूप में पंजीकरण कर इस प्रक्रिया का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि इससे जहां योजना की गति तेज होगी, वहीं युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
डॉ. बलबीर सिंह ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि कार्ड बनाने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा आने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य की नियमित रूप से उच्च स्तर पर समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने दोहराया कि पंजाब सरकार राज्य के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और संगरूर जिला इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएगा। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन तथा संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।


