’गैंगस्टरां ते वार’’ का 63वाँ दिन: पंजाब पुलिस द्वारा 501 जगहों पर छापेमारी; 181 गिरफ्तार
चंडीगढ़, 24 मार्च
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत शुरू की गई निर्णायक ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम के 63वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के साथियों के पहचाने गए और मैप किए गए 501 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ - पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए निर्णायक जंग है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने की थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमों ने राज्य भर में विशेष कार्रवाइयाँ कर रही हैं।
63वें दिन, पुलिस टीमों ने 181 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे मुहिम की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 16,678 हो गई है।
इसके अलावा 68 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियातन कार्रवाई की गई है, जबकि 50 व्यक्तियों को तफ्तीश और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 3 भगौड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
लोग एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 के द्वारा गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में जानकारी दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों की सूचना/जानकारी भी साझा कर सकते हैं।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशीले पदार्थों के विरुद्ध अपनी मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ को 388वें दिन भी जारी रखते हुए आज 104 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 1.3 किलो अफीम, 5 किलो भुक्की, 557 नशीली गोलियाँ/कैप्सूल और 17,740 रुपये ड्रग मनी बरामद की गई है। इससे केवल 388 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल ड्रग तस्करों की संख्या 55,297 हो गई है। नशा मुक्ति मुहिम के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने आज 40 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास इलाज करवाने के लिए राजी किया है।


