गैंगस्टरां ते वार का 54वां दिन: पंजाब पुलिस द्वारा 529 स्थानों पर छापेमारी; 196 गिरफ्तार
चंडीगढ़, 15 मार्च:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत शुरू की गई निर्णायक “गैंगस्टरां ते वार” मुहिम के 54वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्य भर में गैंगस्टरों के साथियों के पहचाने गए और मैप किए गए 529 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि “गैंगस्टरां ते वार” पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई एक निर्णायक मुहिम है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं।
54वें दिन पुलिस टीमों ने 196 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चार हथियार बरामद किए। इसके साथ ही अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 14,722 हो गई है।
इसके अलावा 70 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई है, जबकि 107 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने तीन भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में जानकारी दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं साझा कर सकते हैं।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम “युद्ध नशों विरुद्ध” को 379वें दिन भी जारी रखते हुए आज 80 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 9 किलो हेरोइन, 700 ग्राम अफीम, 5 किलो भुक्की, 2457 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 10,400 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
इसके साथ ही पिछले 379 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 53,712 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के हिस्से के रूप में पंजाब पुलिस ने आज 33 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए तैयार भी किया है।


