मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के किसानों को आश्वस्त किया कि साइक्लोन के कारण बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई सरकार पैकेज लाकर करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने मुआवजा तो दिया है, लेकिन यह नाकाफी है। किसानों के नुकसान की पूरी भरपाई की जाएगी। सभी जिला प्रशासन को सर्वे कर तात्कालिक मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों के लिए हम नया पैकेज लाएंगे। मुख्यमंत्री रविवार को चौरीचौरा में आयोजित परियोजना के उद्घाटन और शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सपा ने यूपी को अपराध का गढ़ बना दिया था। सपा अपराध बढ़ाती थी, जबकि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अग्रसर किया। यूपी पतन और शोषण की नहीं, प्रगति व संस्कृति की धरती बन गई है। यहां कर्फ्यू, उपद्रव या दंगा नहीं, उत्सव होता है। सीएम योगी के हाथों 59.44 करोड़ रुपये से बने भोपा बाजार (समपार संख्या 147बी) रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन समेत 287.56 करोड़ रुपये की 84 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास और बिछिया में 495 करोड़ की गोड़धोइया नाला फेज-1 परियोजना के लोकार्पण और 880 करोड़ की फेज-2 व सीवरेज का शिलान्यास हुआ है।


