दिवाली से पहले महिलाओं के लिए सरकार का बड़ा ऐलान, जानें किसे मिलेगी सब्सिडी?

दिवाली से पहले महिलाओं के लिए सरकार का बड़ा ऐलान, जानें किसे मिलेगी सब्सिडी?

दिवाली के मौके पर सरकार उत्तर प्रदेश की महिलाओं को राहत दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत राज्य के 1.89 करोड़ से ज़्यादा योग्य परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल कराने पर सब्सिडी मिलेगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को सब्सिडी की रकम के चेक भी दिए। सरकार की इस पहल का मकसद त्योहारों के दिनों में गरीब और ज़रूरतमंद परिवारों को रसोई गैस की महंगी कीमतों से राहत देना है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक अच्छी सरकार वही होती है जो लोगों के हित में काम करे और आम लोगों की समस्याओं का समाधान करे। उन्होंने कहा कि साल 2014 से पहले गरीब परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन मिलना बहुत मुश्किल था। लोगों को कनेक्शन लेने के लिए कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता था और कभी-कभी ज़्यादा पैसे भी खर्च करने पड़ते थे।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की इसी समस्या को समझते हुए उज्ज्वला योजना शुरू की थी। यह योजना 1 मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया से शुरू की गई थी। इसका मकसद महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाकर उन्हें कुकिंग गैस देना था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन लेने के लिए बहुत ज़्यादा पैसे खर्च करने पड़ते थे, लेकिन उज्ज्वला स्कीम के तहत मुफ़्त गैस कनेक्शन दिए गए। इसके साथ ही सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी की रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक अकाउंट में भेजने का इंतज़ाम किया गया।

उन्होंने कहा कि इस स्कीम से महिलाओं की ज़िंदगी में बड़ा बदलाव आया है। पहले महिलाओं को चूल्हे के धुएं में खाना बनाना पड़ता था, जिससे उनकी सेहत पर भी असर पड़ता था। अब गैस कनेक्शन मिलने से उन्हें इस परेशानी से राहत मिली है। दिवाली के मौके पर सिलेंडर रिफिल पर सब्सिडी देना भी इसी दिशा में एक और कदम है।

Tags: