राहुल गांधी का अफसरों पर फूटा गुस्सा: रायबरेली बैठक में PWD और DM को दिखाईं गड्ढों की तस्वीरें; बाहर सपा का प्रदर्शन
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर जिला प्रशासन और अधिकारियों के काम पर कड़े सवाल उठाए। कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति ('दिशा') की बैठक के दौरान राहुल गांधी ने अपने मोबाइल में जर्जर सड़कों और गड्ढों की तस्वीरें दिखाकर पीडब्ल्यूडी (PWD) अधिकारियों और डीएम से तीखे सवाल पूछे।
फंड मिल रहा है तो काम क्यों नहीं?
करीब ढाई घंटे चली इस बैठक में ऊंचाहार से भाजपा विधायक मनोज पांडेय, एमएलसी व राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत जिले के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। राहुल गांधी ने अधिकारियों से सीधे तौर पर पूछा, "जब सरकार की तरफ से फंड जारी हो रहा है, तो जमीनी स्तर पर काम क्यों नहीं दिखाई दे रहा? आप लोग क्या कर रहे हैं?" उन्होंने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और सड़कों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई।
जनता दरबार और सपा नेताओं से मुलाकात
बैठक से पहले सुबह राहुल गांधी ने जनता दरबार लगाकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान महिला कांग्रेस नेताओं ने उन्हें राखी भी बांधी। इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं से भी संवाद किया। रायबरेली से 2024 में सांसद निर्वाचित होने के बाद यह उनका 8वां दौरा था।
.png)
हॉल के बाहर सपा विधायकों का विरोध प्रदर्शन
एक तरफ जहां भीतर बैठक चल रही थी, वहीं हॉल के बाहर सपा विधायक राहुल लोधी और श्याम सुंदर भारती ने बैनर-पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पोस्टरों पर स्कूल बंद होने, फर्जी मुकदमों और जमीनों पर अवैध कब्जे जैसे आरोप लिखे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब आम जनता की बुनियादी समस्याएं हल नहीं हो रहीं, तो इस बैठक का क्या औचित्य है? हालांकि पुलिस ने राहुल गांधी के पहुंचने से पहले ही प्रदर्शनकारियों से पोस्टर हटा दिए थे।


