ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: डॉ. रवजोत सिंह
होशियारपुर, 9 जनवरी:
कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने आज गांव शेरपुर खास का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित रहे, जिन्होंने पेयजल, सीवरेज, शिक्षा और खेल सुविधाओं से जुड़ी अपनी मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। डॉ. रवजोत सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी जायज समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना है। उन्होंने बताया कि गांव शेरपुर खाम में बहुत जल्द आंगनवाड़ी के नए कमरे का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा, ताकि छोटे बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही गांव में सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कार्य भी शीघ्र आरंभ किए जाएंगे।
कैबिनेट मंत्री ने यह भी घोषणा की कि गांव के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल ग्राउंड के निर्माण का कार्य जल्द शुरू होगा। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के विकास से न केवल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा मिलेगी, बल्कि गांव का नाम भी खेल जगत में रोशन होगा।
डॉ. रवजोत सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकार गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। गांव शेरपुर खाम की समग्र तरक्की के लिए सभी विभागों के आपसी समन्वय से विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग देने की भी अपील की।


