सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत स्कूल बसों की जांच, चार बसों के चालान
होशियारपुर, 23 सितंबर: डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के निर्देशों पर विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय ट्रांसपोर्ट अधिकारी (आर.टी.ओ.) अमनदीप कौर ने बुधवार को जिले में स्कूल बसों की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के चालान किए गए।
जांच के दौरान आर.टी.ओ. अमनदीप कौर ने कहा कि सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत आज स्कूल वाहनों की विशेष जांच की गई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान बसों के जरूरी दस्तावेज, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट, बीमा, प्रदूषण सर्टिफिकेट, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा किट, जीपीएस, कैमरे और अन्य सुरक्षा मापदंडों की जांच की गई। जांच के दौरान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 4 स्कूल बसों के चालान किए गए।
आर.टी.ओ. ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और स्कूल वाहनों के लिए निर्धारित सभी सुरक्षा मापदंडों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेफ स्कूल वाहन नीति के तहत ऐसी विशेष जांच मुहिम भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगी। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों/संचालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुचारू ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।


