मावां -धीयाँ सम्मान योजना का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचाना हमारा संकल्प : डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी
चंडीगढ़/गढ़शंकर, 13 जून :
पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं गढ़शंकर विधानसभा क्षेत्र से विधायक स जय कृष्ण सिंह रौड़ी की अगुवाई में आज गढ़शंकर स्थित उनके कार्यालय में पंजाब सरकार की महत्वपूर्ण मुख्यमंत्री मावां -धीयाँ सम्मान योजना संबंधी एक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य योजना को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना तथा प्रत्येक पात्र महिला तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं और बारीकियों से अवगत करवाना था।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए डिप्टी स्पीकर स जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और यह योजना उसी सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा हो सकता है जब उनका लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और यही सरकार का संकल्प है।
डिप्टी स्पीकर रौड़ी ने अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्वयंसेवकों से अपील की कि वे घर-घर जाकर पात्र महिलाओं को योजना के बारे में जागरूक करें और पंजीकरण प्रक्रिया में उनकी हर संभव सहायता करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र महिला केवल जानकारी के अभाव में सरकारी सुविधाओं से वंचित नहीं रहनी चाहिए।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान योजना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को पात्रता शर्तों, पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, आवेदनों की जांच तथा लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शंकाओं का समाधान करते हुए योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
डिप्टी स्पीकर रौड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शी और प्रभावशाली तरीके से लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा मावां -धीयाँ सम्मान योजना महिलाओं की आर्थिक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, स्वयंसेवक तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे, जिन्होंने योजना का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने के लिए पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया।


