12 अगस्त को दशहरा ग्राउंड में होगा भव्य धार्मिक समागम ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’: विधायक ज़िम्पा

12 अगस्त को दशहरा ग्राउंड में होगा भव्य धार्मिक समागम ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’: विधायक ज़िम्पा

होशियारपुर, 8 अगस्त: भगवान शिव को समर्पित भव्य धार्मिक समागम ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ का आयोजन 12 अगस्त को दशहरा ग्राउंड, होशियारपुर में किया जाएगा। यह जानकारी विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा और पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने शनिवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने बताया कि समागम शाम 6:30 बजे शुरू होगा, जिसमें देश के प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर भगवान शिव की भक्ति से ओत-प्रोत अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे।

विधायक ज़िम्पा और दीपक बाली ने बताया कि इस भव्य धार्मिक समागम का आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है और इसमें होशियारपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी आमद को ध्यान में रखते हुए प्रशासन एवं आयोजकों की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने होशियारपुर तथा आसपास के क्षेत्रों के सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे परिवार सहित इस भव्य धार्मिक समागम में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करें।

उन्होंने बताया कि इसी मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान व आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वृंदावन, मथुरा, हरिद्वार, श्री सालासर बालाजी तथा अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए बसों को हरी झंडी भी दिखाएंगे, जिससे श्रद्धालु निःशुल्क तीर्थ यात्रा कर सकेंगे।

दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार आयोजन की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए पूरा सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तथा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी इस समागम में श्रद्धालु के रूप में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, एकता और सद्भाव की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सनातन सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा कि ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ समागम पंजाब की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक संस्था तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और जनसहयोग का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि स्थानीय मंदिर समितियां, धार्मिक संस्थाएं तथा विभिन्न समाजसेवी संगठन आयोजन को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष जसपाल सिंह चेची, सीनियर डिप्टी मेयर सुरिंदर कुमार भी मौजूद थे।