100 और आम आदमी क्लीनिक समर्पित करके पंजाब ने रचा नया इतिहास, कुल संख्या 1,090 हुई-मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
मोगा; 25 जुलाई
भगवंत सिंह मान सरकार ने आज जनता को 100 और आम आदमी क्लीनिक समर्पित करके पंजाब के स्वास्थ्य क्षेत्र में नया इतिहास रचा है। इसके साथ प्रदेश भर में चल रहे क्लीनिकों की कुल संख्या 1,090 हो गई है। सरकार की चल रही 'सेहत क्रांति' में एक और मील का पत्थर स्थापित करते हुए इस विस्तार ने पंजाब के मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल नेटवर्क को और मजबूत किया है। इन क्लीनिकों में अब तक ओ.पी.डी. में 5.90 करोड़ से अधिक लोग आ चुके हैं और 3.43 करोड़ मुफ्त लैब टेस्ट दर्ज किए जा चुके हैं। इस पहल ने, 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' और आधुनिक स्वास्थ्य ढांचे में किए गए बड़े निवेशों के साथ मिलकर पूरे पंजाब में किफायती और उत्तम स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को बदल दिया है।
मोगा में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "आज हमने पंजाब के लोगों को 100 और आम आदमी क्लीनिक समर्पित किए हैं, जिससे चल रहे क्लीनिकों की कुल संख्या 1,090 हो गई है। ये क्लीनिक मुफ्त टेस्ट और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराते हैं, और पाँच करोड़ से अधिक ओपीडी दर्ज की जा चुकी हैं।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "आम आदमी क्लीनिकों ने सरकार को लोगों का व्यापक स्वास्थ्य डेटाबेस तैयार करने में भी सक्षम बनाया है, जिससे विभिन्न क्षेत्रों की स्वास्थ्य देखभाल आवश्यकताओं के अनुसार बेहतर योजना और इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है। हमारा एकमात्र उद्देश्य पंजाब के कोने-कोने में हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। लोगों को इन क्लीनिकों में मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयाँ और टेस्टिंग सेवाएं मिल रही हैं, जहाँ उच्च योग्यता प्राप्त डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी पूरी निष्ठा के साथ उनकी सेवा कर रहे हैं।"
*आम आदमी क्लीनिकों में 5 करोड़ से अधिक ओ.पी.डी.*
• आम आदमी क्लीनिकों ने अपनी शुरुआत से लेकर अब तक 5.90 करोड़ से अधिक ओ.पी.डी. का आंकड़ा दर्ज किया है, जिनमें 1.86 करोड़ नए मरीज और 4.04 करोड़ दोबारा आए मरीज शामिल हैं, जो प्रदेश की प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली में लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
• प्रत्येक आम आदमी क्लीनिक में प्रतिदिन औसतन 84 मरीज आते हैं और यह नेटवर्क सामूहिक रूप से पंजाब भर में प्रतिदिन 83,000 से अधिक मरीजों की सेवा कर रहा है।
• आम आदमी क्लीनिकों में 3.43 करोड़ से अधिक लैब टेस्ट मुफ्त किए गए हैं।
• प्रत्येक माह 42,000 से अधिक गर्भवती महिलाओं को इन क्लीनिकों के माध्यम से प्रसव पूर्व देखभाल (एंटीनेटल केयर) मिलती है।
• मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित 1.25 लाख से अधिक मरीज आम आदमी क्लीनिक नेटवर्क के माध्यम से प्रत्येक माह इलाज और फॉलो-अप प्राप्त करते हैं।
• प्रत्येक आम आदमी क्लीनिक 107 आवश्यक दवाइयाँ और 47 लैब टेस्ट मुफ्त उपलब्ध कराता है।
• ये क्लीनिक eSushrut प्लेटफॉर्म के माध्यम से पूरी तरह से आई.टी.-आधारित हैं, जो कागज-रहित मरीज पंजीकरण, पर्ची और दवाओं के वितरण को सुनिश्चित करते हैं।


