गैंगस्टरां ते वार’ अभियान का 251वां दिन: पंजाब पुलिस ने 648 स्थानों पर छापेमारी कर 305 लोगों को किया काबू
चंडीगढ़, 28 सितंबर:
‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 251वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 648 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए शुरू किया गया ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान एक निर्णायक कार्रवाई है, जिसकी शुरुआत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी, 2026 को की गई थी। सभी जिलों की पुलिस टीमें ‘एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स’ (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।
अभियान के 251वें दिन पुलिस टीमों ने दो हथियारों सहित 305 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अभियान की शुरुआत से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या बढ़कर 74,485 हो गई है।
इसके अलावा 192 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने इस अभियान के दौरान तीन भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
लोग ‘एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946’ के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों से संबंधित जानकारी गुप्त रूप से दे सकते हैं। इसके अलावा अपराध और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी पुलिस को सूचना दी जा सकती है।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ को 576वें दिन भी जारी रखते हुए आज 122 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 17 किलोग्राम हेरोइन, 403 नशीली गोलियां और 4,320 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
इसके साथ ही महज 576 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या बढ़कर 80,589 हो गई है।


