पंजाब राज्य फूड कमीशन के सदस्य ने जिले में किया औचक निरीक्षण

पंजाब राज्य फूड कमीशन के सदस्य ने जिले में किया औचक निरीक्षण


होशियारपुर, 29 जुलाई: पंजाब राज्य फूड कमीशन के सदस्य चेतन प्रकाश धालीवाल ने जिले के विभिन्न सरकारी संस्थानों का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सरकारी स्कूल धमाई, गढ़शंकर, चौहाल, मंगूवाल नारी और अज्जोवाल, आंगनवाड़ी केंद्र चौहाल, मंगूवाल नारी और धमाई के साथ-साथ राशन डिपो महिंदवाणी गुज्जरों का भी चेकिंग कर रिकॉर्ड देखा।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण की शुरुआत सरकारी स्कूलों में चल रही मिड-डे मील योजना से की गई। इस दौरान स्कूलों में बच्चों के लिए तैयार किए जाने वाले भोजन के स्तर को और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कई जगह रसोइयों को अपनी ड्यूटी पूरी समर्पण भावना से निभाने के निर्देश दिए। इसके अलावा कई स्कूलों के शौचालयों की सुचारू तरीके से निरंतर सफाई के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में कुछ खामियां पाई गई हैं, उनके बारे में जिला शिक्षा अधिकारी को संबंधित स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी करके जरूरी कार्रवाई करने और इसकी रिपोर्ट कमीशन को भेजने के निर्देश भी दिए गए।

आंगनवाड़ी केंद्र धमाई में पाया गया कि जून महीने का राशन लाभार्थियों में बांटा जा चुका है, लेकिन जुलाई महीने का राशन अभी तक केंद्र को प्राप्त नहीं हुआ। इसके अलावा एचसीएम राशन भी कई महीनों से उपलब्ध नहीं करवाया गया। इस संबंध में जिला प्रोग्राम अधिकारी को तुरंत राशन उपलब्ध करवाने और देरी के कारणों की जांच करके रिपोर्ट कमीशन को भेजने के निर्देश दिए गए।

मंगूवाल नारी और चौहाल आंगनवाड़ी केंद्रों में लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली गई। इन केंद्रों के कामकाज पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए सदस्य ने सेवाओं में और सुधार के लिए जरूरी दिशानिर्देश भी दिए। इसके बाद राशन डिपो महिंदवाणी गुज्जरों का भी निरीक्षण किया गया।

फील्ड निरीक्षण के बाद उन्होंने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोग्राम अधिकारी और अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। इस मौके पर उन्होंने जिला प्रोग्राम अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी को आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में बागवानी विभाग के सहयोग से पोषण वाटिका तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

दौरे के दौरान लाभार्थियों को कमीशन के हेल्पलाइन नंबर 98767-64545 के बारे में भी जानकारी दी गई और बताया गया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत चल रही योजनाओं से संबंधित शिकायतें अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास), होशियारपुर के पास भी दर्ज करवाई जा सकती हैं।