विद्यार्थियों का संघर्ष भविष्य की पीढ़ियों द्वारा "प्रतिरोध के वृक्ष" के रूप में याद रखा जाएगा: कुलतार सिंह संधवां

विद्यार्थियों का संघर्ष भविष्य की पीढ़ियों द्वारा

चंडीगढ़/साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर, 28 जुलाई:

पंजाब विधानसभा के स्पीकर स. कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि हाल ही में विद्यार्थियों द्वारा किया गया संघर्ष भविष्य की पीढ़ियों द्वारा भारत के इतिहास में "प्रतिरोध के वृक्ष" (ट्री ऑफ रेजिस्टेंस) के रूप में याद रखा जाएगा।

सेक्टर-66ए, मोहाली स्थित 'स्टोरीलाइन मोंटेसरी एंड कैफे' के दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए स.संधवां ने कहा कि इस संघर्ष के बीज कुछ वर्ष पहले किसानों द्वारा कृषि कानूनों के विरोध में चलाए गए ऐतिहासिक आंदोलन के दौरान बोए गए थे। उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थी आंदोलन देश के युवाओं की जागरूकता तथा अपने अधिकारों की रक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के युवा देश का भविष्य हैं और उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस संघर्ष ने कई ऐसे मुद्दों को भी उजागर किया है, जो अब तक सामने नहीं आ सके थे।

इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर स.जय कृष्ण सिंह रौड़ी, विधायक स. कुलवंत सिंह पंडोरी तथा स.मनजिंदर सिंह लालपुरा भी उपस्थित थे।

स्पीकर ने मोंटेसरी स्कूल एवं कैफे का निरीक्षण किया तथा संस्थान के प्रबंधकों स. गुरप्रीत सिंह बराड़, स. हरशेर सिंह सिद्धू और स. दविंदर सिंह बराड़ से बातचीत की। उन्होंने बच्चों के लिए सुरक्षित, रचनात्मक और पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रारंभिक बाल शिक्षा को परिवार-केंद्रित कैफे की अवधारणा से जोड़ना एक प्रेरणादायक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि यह संस्थान बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों, कहानियों तथा अनुभव-आधारित शिक्षण के माध्यम से सीखने के अवसर प्रदान करता है। साथ ही यह माता-पिता और बच्चों को एक साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताने के लिए भी प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नवीन शिक्षा मॉडल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

स.संधवां ने कहा कि दो से पाँच वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आरंभ किया गया यह मोंटेसरी स्कूल उनके समग्र विकास और बेहतर परवरिश की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने बताया कि बहुत कम समय में लगभग 35 बच्चों का प्रवेश होना इस अवधारणा की लोकप्रियता और सफलता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि यहां बच्चों को मोबाइल फोन और टेलीविजन स्क्रीन से दूर रखते हुए ऐसा वातावरण उपलब्ध कराया जाता है, जहां वे स्वावलंबन, आत्मविश्वास, टीम भावना, रचनात्मक सोच तथा जीवन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कौशल स्वाभाविक रूप से विकसित कर सकें।

इस दौरान स्टोरीलाइन की प्रबंधन टीम ने अपने विज़न की जानकारी देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य ऐसा पोषणकारी वातावरण तैयार करना है, जहां बच्चे सीखें, खोज करें और विकसित हों, साथ ही परिवार भी एक साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिता सके। प्रबंधकों ने श्री संधवां का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका प्रोत्साहन संस्थान के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने पंजाब के बच्चों और परिवारों को उच्च स्तरीय प्रारंभिक शिक्षा तथा बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

आगामी पंजाब विधानसभा सत्र के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में स्पीकर स. कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार का कार्यकाल जनहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा ने हमेशा पंजाब और उसके लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्णय लिए हैं और आगामी सत्र में भी यही दृष्टिकोण प्रमुख रहेगा।