महाराजा रणजीत सिंह प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट ने 83 फीसदी सफलता दर हासिल की, 25 कैडेट्स ने एनडीए-1 लिखित परीक्षा पास की

महाराजा रणजीत सिंह प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट ने 83 फीसदी सफलता दर हासिल की, 25 कैडेट्स ने एनडीए-1 लिखित परीक्षा पास की


चंडीगढ़/एसएएस नगर, 11 मई:–


महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (एमआरएसएएफपीआई), मोहाली के 30 में से 25 कैडेट्स ने प्रतिष्ठित नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए) के 157वें कोर्स के लिए एनडीए (1) लिखित परीक्षा पास कर ली है। यूपीएससी द्वारा घोषित परिणामों में प्राप्त 83 फीसदी की शानदार सफलता दर संस्था के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि अब ये 25 कैडेट्स सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) इंटरव्यू देंगे, जो नेशनल डिफेंस अकादमी में प्रवेश का अंतिम चयन चरण होता है।

इस शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने कैडेट्स को बधाई दी और उनके एसएसबी इंटरव्यू तथा आगामी प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये कैडेट्स पंजाब का गौरव हैं। उनकी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प ने राज्य का नाम रोशन किया है।

महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अजय एच चौहान, वीएसएम ने भी कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि यूपीएससी परीक्षा पास करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन एसएसबी ही वास्तविक परीक्षा होती है। उन्होंने कैडेट्स को ईमानदारी, आत्ममंथन और मानसिक एकाग्रता के साथ स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संस्थान के फैकल्टी सदस्यों को भी बधाई दी, जिन्होंने इन परिणामों के लिए अथक मेहनत की।
उन्होंने बताया कि संस्थान के 25 कैडेट्स इस वर्ष जून में शुरू होने वाले एनडीए, टीईएस (टेक्निकल एंट्री स्कीम) और सीडीएस कोर्सों में शामिल होने के लिए कॉल लेटर मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। 

Advertisement