सेफ स्कूल वाहन नीति के तहत मुकेरियां में स्कूल बसों की जांच

सेफ स्कूल वाहन नीति के तहत मुकेरियां में स्कूल बसों की जांच

होशियारपुर, 21 जनवरी:
स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सेफ स्कूल वाहन नीति के अंतर्गत जिला होशियारपुर के ब्लॉक मुकेरियां में स्कूल बसों की व्यापक जांच की गई। यह कार्रवाई माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तथा पंजाब राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर के आदेशों के अनुसार की गई।

इस संबंध में जानकारी देते हुए ज़िला बाल सुरक्षा अधिकारी हरप्रीत कौर ने बताया कि 21 जनवरी 2026 को सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, एस.पी.एन.एस.एस.के पब्लिक हाई स्कूल, वुडबेरी वर्ल्ड स्कूल एवं कैम्ब्रिज ओवरसीज स्कूल की बसों की जांच की गई। जांच के दौरान कुल 81 स्कूल बसों को चेक किया गया, जिनमें से नियमों का उल्लंघन करने पर 13 बसों के चालान काटे गए।

जांच के दौरान कई बसों में एक्सपायर्ड फर्स्ट एड किट, फॉग लाइट्स का अभाव, लेडी अटेंडेंट की नियुक्ति न होना, बिना पासिंग के वाहन, स्पीड गवर्नर का न होना, इमरजेंसी एग्जिट की कमी, अग्निशमन यंत्र और सीसीटीवी कैमरे का अभाव, निर्धारित बैठने की क्षमता से अधिक सवारियां जैसी गंभीर खामियां पाई गईं।

इस अभियान में जिला बाल सुरक्षा यूनिट से रणजीत कौर, जसविंदर सिंह, पुलिस विभाग से एएसआई राकेश कुमार, एएसआई गुरनाम सिंह तथा शिक्षा विभाग से सुरजीत सिंह सहित पूरी टीम उपस्थित रही। टीम द्वारा विभिन्न स्कूलों में सेफ स्कूल वाहन नीति के प्रति जागरूकता भी फैलाई गई।

जिला बाल सुरक्षा अधिकारी हरप्रीत कौर ने बताया कि सेफ स्कूल वाहन नीति के मानकों की अनदेखी से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। टास्क फोर्स ने स्पष्ट किया कि यह अभियान पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा। साथ ही सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए कि ड्राइवरों का समय-समय पर मेडिकल चेकअप करवाया जाए, ड्राइवर व अटेंडेंट अनिवार्य रूप से यूनिफॉर्म पहनें, छोटे बच्चों की बस में विशेष देखभाल की जाए तथा पाई गई सभी कमियों को तुरंत दूर किया जाए। 

Related Posts