गैंगस्टरां ते वार का 204वां दिन: पंजाब पुलिस ने 624 ठिकानों पर छापेमारी कर 408 लोगों को हिरासत में लिया
चंडीगढ़, 12 अगस्त:
राज्य में चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 204वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 624 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’— पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए निर्णायक जंग अभियान की शुरुआत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी, 2026 को की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।
अभियान के 204वें दिन पुलिस टीमों ने सात हथियारों सहित 408 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिसके साथ अभियान शुरू होने के बाद अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 59,987 हो गई है।
इसके अलावा, 236 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान 17 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।
आम लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गुप्त रूप से सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों संबंधी जानकारी भी पुलिस के साथ साझा की जा सकती है।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरूद्ध ’ को 529वें दिन भी जारी रखते हुए आज 93 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1.3 किलोग्राम हेरोइन, 811 नशीली गोलियां तथा 9,100 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
इसके साथ ही पिछले 529 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 75,745 हो गई है।
नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 15 व्यक्तियों को नशामुक्ति एवं पुनर्वास उपचार करवाने के लिए प्रेरित किया।


