गैंगस्टरां ते वार का 198वां दिन: पंजाब पुलिस ने 633 स्थानों पर छापेमारी कर 420 लोगों को किया काबू

गैंगस्टरां ते वार का 198वां दिन: पंजाब पुलिस ने 633 स्थानों पर छापेमारी कर 420 लोगों को किया काबू

चंडीगढ़, 6 अगस्त:

राज्य में चल रहे अभियान 'गैंगस्टरां ते वार' के 198वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे प्रदेश में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 633 ठिकानों पर छापेमारी की।

उल्लेखनीय है कि 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान—पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने की निर्णायक मुहिम—20 जनवरी, 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा शुरू की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं।

अभियान के 198वें दिन पुलिस टीमों ने दो हथियारों सहित 420 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 57,329 हो गई है।

इसके अतिरिक्त, 215 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 11 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।

लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गोपनीय रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों की सूचना दे सकते हैं तथा अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों से संबंधित खुफिया जानकारी भी साझा कर सकते हैं।

इस बीच, पंजाब पुलिस ने नशों के विरुद्ध अपनी मुहिम 'युद्ध नशों विरुद्ध' के 523वें दिन भी कार्रवाई जारी रखते हुए आज 108 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 10.6 किलोग्राम हेरोइन तथा 326 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके साथ ही, केवल 523 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 75,549 हो गई है।
नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज सात व्यक्तियों को नशा छोड़ने तथा पुनर्वास उपचार कराने के लिए भी प्रेरित किया।