भगवंत मान सरकार राज्य में स्वास्थ्य और शिक्षा की क्रांति लाई– अमन अरोड़ा

भगवंत मान सरकार राज्य में स्वास्थ्य और शिक्षा की क्रांति लाई– अमन अरोड़ा

सुनाम, 25 अप्रैल:
पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने आज सुनाम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लगभग 2.9 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी प्रोजेक्ट्स की शुरुआत करवाई।

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने गांव नमोल में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली अत्याधुनिक लाइब्रेरी का शिलान्यास किया। इसके साथ ही सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 42.54 लाख रुपये की लागत से नए क्लासरूम, साइंस लैब और अन्य नवीनीकरण कार्यों का उद्घाटन कर विद्यार्थियों को समर्पित किया।

उन्होंने बताया कि गांव शेरों में भी सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 31.96 लाख रुपये की लागत से नवीनीकरण कार्य पूरे कर स्कूल को नया स्वरूप दिया गया है। इसके अलावा गांव मंडेर कलां में 55 लाख रुपये की लागत से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का शिलान्यास किया गया, जिससे लोगों को घर के नजदीक ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इसी प्रकार लोहाखेड़ा के तकीपुर रोड पर भी 55 लाख रुपये की लागत से एक और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाया जाएगा।

इस मौके पर संबोधित करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि भगवंत मान सरकार द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है और अस्पतालों व हेल्थ सेंटरों में बुनियादी ढांचा मजबूत किया जा रहा है, ताकि लोगों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

अमन अरोड़ा ने लोगों से अपील की कि वे सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलाकर शिक्षा क्रांति का हिस्सा बनें।

अमन अरोड़ा ने कहा कि लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को निजी स्कूलों से भी बेहतर शिक्षा देना भगवंत मान सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी तरविंदर कौर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अध्यापक, अभिभावक, पंच, सरपंच और गांववासी उपस्थित थे।