एएसआई इकबाल सिंह हत्याकांड: दूसरा शूटर भूपिंदर उर्फ भिंदा अमृतसर से काबू ; दोनों हमलावर अब पुलिस की गिरफ्त में

एएसआई इकबाल सिंह हत्याकांड: दूसरा शूटर भूपिंदर उर्फ भिंदा अमृतसर से काबू ; दोनों हमलावर अब पुलिस की गिरफ्त में

चंडीगढ़, 21 नवंबर:

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) इकबाल सिंह हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दूसरे शूटर भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा को अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे शूटर की गिरफ्तारी के साथ ही इस हत्याकांड में शामिल मोटरसाइकिल सवार दोनों हमलावर पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

यह कार्रवाई एजीटीएफ की टीमों द्वारा शुक्रवार को जीरकपुर में हुई दोतरफा संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद पहले शूटर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी बाहमण को उसकी महिला साथी सहित गिरफ्तार किए जाने के महज एक दिन बाद की गई है।

उल्लेखनीय है कि काउंटर इंटेलिजेंस विंग फिरोजपुर में तैनात एएसआई इकबाल सिंह की 11 अक्टूबर, 2026 को तरनतारन जिले में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।
डीजीपी ने कहा कि दोनों शूटरों की गिरफ्तारी से एजीटीएफ ने इस जांच में बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड के पीछे छिपी साजिश का पर्दाफाश करने और गिरफ्तार आरोपियों के अन्य सहयोगियों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई के संबंध में जानकारी साझा करते हुए स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (एजीटीएफ) प्रमोद बान ने बताया कि जीरकपुर में हुई कार्रवाई के तुरंत बाद डीएसपी एजीटीएफ राजन परमिंदर सिंह की निगरानी में एजीटीएफ की टीमों ने फरार चल रहे दूसरे शूटर के ठिकाने का पता लगाने के लिए तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी का गहन विश्लेषण किया।
स्पेशल डीजीपी ने बताया कि शुक्रवार देर रात आरोपी भूपिंदर भिंदा की लोकेशन अमृतसर में ट्रेस की गई, जिसके बाद उसके ठिकाने का पता लगाने के लिए विशेष फील्ड टीमों को तुरंत रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि लगातार किए गए कड़े प्रयासों के परिणामस्वरूप एजीटीएफ की टीम ने आरोपी को अमृतसर से सफलतापूर्वक काबू कर लिया।

इस संबंध में थाना सरहाली, तरनतारन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 103(1) और 3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की धाराओं 25 और 27 के तहत एफआईआर नंबर 186, दिनांक 11.10.2026 को दर्ज की गई है। 

Related Posts