पंजाब विधानसभा चुनाव-2027: स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय अंतरराज्यीय समन्वय बैठक

पंजाब विधानसभा चुनाव-2027: स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय अंतरराज्यीय समन्वय बैठक

चंडीगढ़, 20 नवंबर:

आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सुरक्षा तैयारियों तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आज यहां पंजाब पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक की  अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), पंजाब गौरव यादव की ओर से विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) प्रवीण कुमार सिन्हा तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ), पंजाब अनिंदिता मित्रा ने संयुक्त तौर पर की। बैठक का संचालन पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), काउंटर इंटेलिजेंस-सह-राज्य पुलिस नोडल अधिकारी, पंजाब चुनाव आशीष चौधरी ने किया।

बैठक में पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश तथा केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं राज्य नोडल अधिकारियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के औषधि नियंत्रकों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ-साथ सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), खुफिया ब्यूरो (आईबी), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), पंजाब तथा आबकारी एवं कर विभाग के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान अंतरराज्यीय समन्वय को मजबूत बनाने, कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों, सांप्रदायिक एवं संवेदनशील मुद्दों से प्रभावी ढंग से निपटने, वांछित अपराधियों तथा गैंगस्टर नेटवर्कों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
नशीले पदार्थों, अवैध शराब, गैरकानूनी हथियारों, गोला-बारूद एवं विस्फोटकों की अंतरराज्यीय तस्करी रोकने तथा अन्य अवैध आपूर्ति शृंखलाओं को पूरी तरह ध्वस्त करने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, ड्रोन गतिविधियों पर पैनी नजर रखने, समन्वित कार्रवाई करने तथा पड़ोसी राज्यों के अधिकार क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

उभरते सुरक्षा खतरों से त्वरित एवं समन्वित ढंग से निपटने के लिए वास्तविक समय में खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही विश्वसनीय सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान, विभिन्न एजेंसियों के बीच निर्बाध तालमेल, सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा पड़ोसी जिलों के क्षेत्रीय अधिकारियों के बीच प्रभावी संचार व्यवस्था स्थापित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

बैठक का प्रमुख उद्देश्य मौजूदा कार्यप्रणाली की कमियों को दूर करना, संस्थागत समन्वय को सुदृढ़ करना तथा चुनाव से संबंधित सुरक्षा चुनौतियों का सामूहिक एवं सक्रिय रूप से मुकाबला करने के लिए एक मजबूत अंतर-एजेंसी तंत्र विकसित करना था।

सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए बैठक में शामिल सभी एजेंसियों ने प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, आम जनता के विश्वास को मजबूत करने तथा पंजाब विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की। 

Advertisement

Latest

पंजाब विधानसभा चुनाव-2027: स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय अंतरराज्यीय समन्वय बैठक
पी.एस.एफ.सी. द्वारा कृषि में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर विचार-विमर्श; विशेषज्ञों ने संभावनाओं और चुनौतियों पर की चर्चा
पंजाब का नशामुक्ति मॉडल राष्ट्रीय मंच पर बना चर्चा का केंद्र; डॉ. बलजीत कौर ने दिल्ली समिट में प्रस्तुत की व्यापक रणनीति
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने रक्षा सेवा कल्याण विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की
प्राइमरी और मास्टर कैडर स्पेशल एजुकेटरों की भर्ती प्रक्रिया जल्द होगी शुरू; शिक्षा विभाग को शीघ्र विज्ञापन जारी करने के निर्देश: हरपाल सिंह चीमा