भगवंत मान सरकार द्वारा महिला दिवस के अवसर पर महिला उद्यमियों का सम्मान: अब तक 28,000 से अधिक महिलाओं ने किया पंजीकरण: तरुनप्रीत सिंह सौंद

भगवंत मान सरकार द्वारा महिला दिवस के अवसर पर महिला उद्यमियों का सम्मान: अब तक 28,000 से अधिक महिलाओं ने किया पंजीकरण: तरुनप्रीत सिंह सौंद

चंडीगढ़, 3 मार्चः

भगवंत मान सरकार द्वारा पूरे राज्य में 14,100 महिला उद्यमियों को महिला दिवस के अवसर पर सम्मानित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 28,000 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं, जो सरकार के ग्रामीण महिला-नेतृत्व विकास के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि इस संबंध में राज्य स्तरीय समारोह 18 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पंजाब की चयनित शीर्ष 100 महिला उद्यमियों को प्रत्येक को 25,000 रुपये का इनाम प्रदान किया जायेगा। यह पहल पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (पीएसआरएलएम) के तहत महिला उद्यमियों को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा, “पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन को व्यापक समर्थन मिल रहा है, क्योंकि 28,000 से अधिक महिलाओं ने सम्मान समारोहों के लिए पंजीकरण कराया है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों की श्रृंखला का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने राज्य की सभी महिला उद्यमियों से अपील की कि वे महिला सशक्तिकरण को समर्पित इस भव्य आयोजन में सक्रिय भागीदारी करें।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा, “राज्य स्तरीय समारोह 18 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें पंजाब की चयनित शीर्ष 100 महिला उद्यमियों को प्रति महिला 25,000 रुपये की राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर लाइव प्रसारण किया जाएगा, ताकि प्रत्येक गांव इस जश्न से जुड़ सके।”

इस पहल के व्यापक दायरे की जानकारी देते हुए मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि सम्मान समारोह ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर शुरू हो चुके हैं और 12 मार्च से जिला स्तर पर जारी रहेंगे, जिसके बाद राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ यह श्रृंखला संपन्न होगी। उन्होंने बताया, “प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 100 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे पूरे राज्य में कुल 11,700 महिलाओं को सम्मान मिलेगा। इसी प्रकार 23 जिलों में प्रत्येक जिले से 100 महिला उद्यमियों सहित कुल 2,300 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तर पर एक समिति शीर्ष 100 महिला उद्यमियों का चयन करेगी, जिन्हें प्रति व्यक्ति 25,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।” कुल मिलाकर पूरे पंजाब में 14,100 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।

मिशन के व्यापक प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए पंजाब के मंत्री ने कहा, “पीएसआरएलएम ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। राज्य में लगभग 58,000 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं और करीब छह लाख ग्रामीण महिलाएं उनसे जुड़ी हुई हैं। पंजाब सरकार द्वारा लाभार्थियों को 30,000 रुपये का रिवॉल्विंग फंड, 50,000 रुपये का सामुदायिक निवेश फंड तथा 7 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सुविधा प्रदान की जा रही है।”

सहायता ढांचे पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पीएसआरएलएम के माध्यम से महिलाओं को वित्तीय सहायता के साथ-साथ प्रशिक्षण, बाजार संपर्क, बैंकिंग सहायता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तक पहुंच भी प्रदान की जा रही है। ये पहलें ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और उनकी सामाजिक स्थिति सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

व्यापक भागीदारी की अपील करते हुए मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने जोर देकर कहा, “सभी हितधारकों को चाहिए कि वे अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहयोग दें, ताकि ‘सशक्त महिला, सशक्त पंजाब’ का सपना साकार हो सके।”

वीडियो कॉन्फ्रेंस में प्रशासनिक सचिव अजीत बालाजी जोशी, संयुक्त विकास आयुक्त शेना अग्रवाल, निदेशक ग्रामीण विकास एवं पंचायत उमा शंकर गुप्ता तथा मिशन के नोडल अधिकारी रमणदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।