गैंगस्टरों ते वार का 166वां दिन: पंजाब पुलिस ने 704 स्थानों पर छापेमारी, 405 व्यक्ति गिरफ्तार
चंडीगढ़, 5 जुलाई:
राज्य में चल रहे व्यापक अभियान ‘गैंगस्टरों ते वार’ के 166वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 704 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरों ते वार ’ अभियान की शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा राज्य को गैंगस्टर-मुक्त बनाने के उद्देश्य से की गई थी। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के समन्वय से सभी जिला पुलिस इकाइयाँ लगातार विशेष अभियान चला रही हैं।
166 वें दिन की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 405 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया तथा दो अवैध हथियार भी बरामद किए। अभियान शुरू होने से अब तक कुल 44,102 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।
इसके अतिरिक्त, पुलिस ने 254 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की, जबकि अभियान के दौरान 11 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पंजाब पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों, गैंगस्टरों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी पूरी गोपनीयता के साथ साझा करें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
इसी क्रम में पंजाब पुलिस ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 491वें दिन भी नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए 103 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 14.6 किलोग्राम हेरोइन, 600 ग्राम अफीम, 25 किलोग्राम भुक्की, 833 नशीली गोलियां तथा 13,380 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
इस अभियान के अंतर्गत पिछले 491 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या बढ़कर 71,864 हो गई है।
नशामुक्ति एवं पुनर्वास अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज पांच व्यक्तियों को नशा छोड़ने तथा उपचार एवं पुनर्वास केंद्रों में इलाज कराने के लिए भी प्रेरित किया।


