यमुनानगर में नशा तस्करों के अवैध मकान पर चला बुलडोजर, महिलाओं के भारी विरोध के बीच नगर निगम की कार्रवाई
यमुनानगर:
हरियाणा के यमुनानगर स्थित हमीदा क्षेत्र की आत्मापुरी कॉलोनी में गुरुवार को प्रशासन ने नशा तस्करी के आरोपियों के अवैध निर्माण पर बड़ा एक्शन लिया। नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से मकान को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई से पहले किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आंसू गैस के वाहन और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
महिलाओं ने हाथ जोड़कर की अपील, पुलिस ने समझाकर निकाला बाहर
जब नगर निगम की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची, तो परिवार की महिलाओं ने इसका जोरदार विरोध किया। मकान में रह रही महिला मुस्तरी ने अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर कार्रवाई रोकने की गुहार लगाई। उसका दावा था कि यह मकान उसके नाम पर है और उसने अपने आरोपी बेटों नईम व मुस्तकीम को पहले ही संपत्ति से बेदखल कर दिया है। हालांकि, मौके पर बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की मौजूदगी के बीच पुलिस ने महिलाओं को समझा-बुझाकर सुरक्षित बाहर निकाला। पूरा सामान बाहर निकालने की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और मौके पर गवाह भी बनाए गए।
अदालत का स्टे ऑर्डर नहीं दिखा सका परिवार
कार्रवाई के दौरान परिवार के अधिवक्ता भी मौके पर पहुंचे और दलील दी कि मामला अदालत में विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 12 अक्टूबर को तय है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मौके पर तोड़फोड़ पर रोक संबंधी कोई वैध स्टे ऑर्डर प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके चलते नियमानुसार ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया जारी रखी गई।
आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के 8 मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, परिवार के सदस्य नईम और मुस्तकीम नशा तस्करी के धंधे में संलिप्त रहे हैं और उनके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों कई बार जेल भी जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि यह कार्रवाई अवैध निर्माण को लेकर नगर निगम की ओर से की गई है, क्योंकि नोटिस जारी होने के बावजूद निर्माण को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया था।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र दहिया ने बताया कि क्षेत्र में अवैध निर्माण को लेकर 9 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। जिन मामलों में अदालत का स्टे नहीं है, वहां प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है।


