रेवाड़ी के धारूहेड़ा में चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, डेयरी में गड्ढा खोदकर दबाया शव; पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

रेवाड़ी के धारूहेड़ा में चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, डेयरी में गड्ढा खोदकर दबाया शव; पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में चोरी के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस वारदात में सिर्फ मुख्य आरोपी ही नहीं, बल्कि मौके पर जुटी भीड़ भी शामिल थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक कपड़ा दुकानदार को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है।

सुबह 5 बजे पकड़ा, जमकर की मारपीट

डीएसपी हेडक्वार्टर संजीव बल्हारा ने बताया कि घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे बॉस रोड पर हुई। वहां कुछ लोगों ने राजस्थान के अलवर (खैरथल) के गांव दमदमा निवासी नासिर को चोरी के शक में पकड़ लिया। डेयरी संचालक के दो बेटों और उनके दो साथियों ने नासिर की पिटाई शुरू की। शोर सुनकर कॉलोनी के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और मारपीट में शामिल हो गए। गंभीर चोटें लगने के कारण नासिर की मौके पर ही मौत हो गई।

शव छुपाने के लिए क्यों चुनी डेयरी?

नासिर की मौत के बाद आरोपियों ने वारदात को छिपाने की साजिश रची। उन्होंने शव को गांव भटसाना स्थित एक डेयरी में ले जाकर करीब 3 फीट गहरे गड्ढे में दबा दिया। आरोपियों का सोचना था कि डेयरी में आमतौर पर मृत पशुओं को दफनाया जाता है, जिससे बदबू आने पर भी किसी को शक नहीं होगा। हालांकि, डेयरी के नौकरों ने पुलिस को सूचना देकर पूरे राज से पर्दा उठा दिया।

 

image (5)

15 घंटे बाद निकाला गया शव

वारदात के करीब 15 घंटे बाद पुलिस को सूचना मिली। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में देर रात करीब 2:30 बजे गड्ढा खोदकर शव बाहर निकाला गया। मृतक के पिता जमील की शिकायत पर चार नामजद समेत अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने सैय्यद कॉलोनी निवासी कपड़ा दुकानदार योगेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Posts