30 लाख दीयों से आज जगमगाएगी रामनगरी, दिखेगा त्रेता युग, CM योगी उतारेंगे राम-सीता की आरती
By NIRPAKH POST
On
अयोध्या: अयोध्या जिसके कण कण में प्रभु राम का वास है. इस अयोध्या में आज त्रेता युग की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है. वजह है दीपावली का विशेष पर्व. धार्मिक मान्यता के अनुसार कहा जाता है कि त्रेता युग में जब प्रभु राम लंका पर विजय हासिल करके अयोध्या पहुंचे थे तब अयोध्या वासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था. कुछ ऐसा ही नजारा पिछले 10 वर्षों से योगी सरकार में देखने को मिल रहा है. सीएम योगी आदित्यनाथ 10वें दीपोत्सव के पावन अवसर पर आज और कल दो दिवसीय दौरे पर रामनगरी अयोध्या में रहेंगे. इस दौरान उनके कार्यक्रमों की रूपरेखा बेहद भव्य और व्यापक तय की गई है. मुख्यमंत्री भगवान श्रीराम के भव्य स्वागत से लेकर उनके राजतिलक, मां सरयू की महाआरती और दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों में व्यक्तिगत रूप से शिरकत करेंगे. उनके इस दौरे से पूरी रामनगरी में उत्सव का माहौल है और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है. वहीं, उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद रहेंगे.
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
अयोध्या में दीपोत्सव और कार्तिक मेले को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे एडीजी प्रवीण कुमार ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की और स्थिति का मुआयना किया. उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहूलियत के लिए व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के उत्सव में शामिल हो सकें.
अयोध्या पहुंचे एडीजी प्रवीण कुमार ने बताया कि दीपोत्सव और कार्तिक माह के पावन अवसर पर रामनगरी में खास ऊर्जा और उत्साह का माहौल है. सुरक्षा को चाक-चौबंद रखने के लिए आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया जा रहा है. पूरे मेला क्षेत्र पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है.
इसके साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ-साथ सादी वर्दी में भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है.
इसके साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ-साथ सादी वर्दी में भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है.
गुप्तचर तंत्र और फोर्स मल्टीप्लायर सक्रिय हैं और लगातार गश्त व चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. एडीजी ने बताया कि हनुमानगढ़ी में दोपहर की आरती और दर्शन व्यवस्था का निरीक्षण भी किया गया है, जहां भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा, आम जनता के लिए रात में विशेष लेजर व अन्य शो के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. अंत में उन्होंने सभी देशवासियों को सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ दीपावली की शुभकामनाएं दीं.
राम मंदिर में दीये जलाएं: CM
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोगों से अपील की कि जब अयोध्या में राम मंदिर में दीये जलाए जाएं, तो वे भी अपने घरों और आंगनों में दीये जलाएं. अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारियां जारी हैं. सीएम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दीपक केवल मिट्टी का एक पात्र नहीं, चेतना का जागरण है. वह युगों से हमें सीख दे रहा है कि अंधकार से लड़ना नहीं होता, केवल एक ज्योति जलानी होती है और अंधकार विदा हो जाता है.
अयोध्या में दीपोत्सव की भव्य शोभायात्रा शुरू
अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई. पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने साकेत महाविद्यालय से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. करीब 3 किलोमीटर की यात्रा तय कर शोभायात्रा राम कथा पार्क पहुंचेगी. रामपथ पर निकली इस यात्रा में जगह-जगह लोक कलाकार अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह रहे हैं.
दुल्हन की तरह सजी अयोध्या
एक बार फिर अयोध्या दीपोत्सव में दुल्हन की तरह सतरंगी लाइटों से जगमग हो रही है. अयोध्या के सड़क चौक चौराहे और घर पर त्रेता युग जैसा नजारा देखने को मिल रहा है. इस बार के दीपोत्सव में जहां तीन देशों की रामलीला के साथ-सात राज्यों की रामलीला का मंचन किया जाएगा. ऐसे में तीन देशों की चार टीमें रामकथा का मंचन करेंगी. इनमें दक्षिण अफ्रीका की दो, जबकि श्रीलंका और लाओस की एक-एक टीम शामिल है.
Tags:


