सीएम योगी का 'जनता दर्शन': अवैध कब्जे पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, मासूम संग दिखा आत्मीय अंदाज

सीएम योगी का 'जनता दर्शन': अवैध कब्जे पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, मासूम संग दिखा आत्मीय अंदाज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास (5 कालिदास मार्ग) पर 'जनता दर्शन' में लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक पीड़ित के पास जाकर उनकी शिकायतें जानीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। सीएम ने जनता को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भूमाफियाओं और अवैध कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई

जमीनों पर अवैध कब्जे को लेकर मुख्यमंत्री बेहद सख्त नजर आए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि:

  • निर्बल लोगों को उजाड़ने वाले और अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए।

  • दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

  • पारिवारिक संपत्ति विवादों को दोनों पक्षों को बैठाकर आपसी संवाद से सुलझाने का प्रयास किया जाए।

  • राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों का निपटारा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हो। किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए।

'नर सेवा ही नारायण सेवा'

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार 'नर सेवा-नारायण सेवा' के संकल्प के साथ काम कर रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और यह सुनिश्चित करें कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र और वंचित व्यक्ति तक पहुंचे।

image (10)

मासूम को दी चॉकलेट, खिलाखिला उठा बच्चा

जनता दर्शन के दौरान एक आत्मीय पल भी देखने को मिला। अपनी मां के साथ आए एक छोटे बच्चे से सीएम योगी ने बड़े अपनत्व के साथ बात की। मुख्यमंत्री को देखकर मासूम मुस्कुराने लगा। इसके बाद सीएम ने उसे चॉकलेट दी, जिसे पाकर बच्चा खुशी से खिलखिला उठा। इस आत्मीय संवाद ने वहां मौजूद सभी लोगों को आनंदित कर दिया।