श्री गुरु रविदास जी की महान शिक्षाओं ने मानवता को सच्चा रास्ता दिखाया : मोहिंदर भगत

श्री गुरु रविदास जी की महान शिक्षाओं ने मानवता को सच्चा रास्ता दिखाया : मोहिंदर भगत

जालंधर, 18 अगस्त : पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की पवित्र बाणी सर्वसाझीवाल, मानवीय बराबरी, सामाजिक न्याय और सर्वहित का संदेश देती है। इसे अपने जीवन में अपनाते हुए हम सभी को आदर्श समाज की रचना में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
 
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा करवाए जा रहे समारोहों की श्रृंखला के अंतर्गत स्थानीय डी.ए.वी. यूनिवर्सिटी में ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी की बाणी और सामाजिक समानता’ विषय पर आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रहे थे।
 
अपने संबोधन के दौरान बागवानी मंत्री ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने ऐसे समाज की परिकल्पना दी है जिसमें किसी भी प्रकार का भेदभाव, शोषण और असमानता न हो। ऐसा समाज जो बराबरी, न्याय, दया और आपसी सम्मान पर आधारित हो। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की महान शिक्षाओं ने मानवता को सच्चा रास्ता दिखाया है और उनका बराबरी वाले समाज का संकल्प आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
 
श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर मनाने के लिए विभिन्न समारोह आयोजित किए गए है।
 
उन्होंने बताया कि प्रकाश पर्व को समर्पित साल भर चलने वाले समारोहों के हिस्से के तौर पर डेरा सच्चखंड बल्लां के पास नौगज़ा फरीदपुरा में 10.4 एकड़ क्षेत्र में 37 करोड़ रुपये की लागत से श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र का निर्माण किया जा रहा है।
 
उन्होंने बताया कि इन समारोहों के अंतर्गत प्रदेश सरकार द्वारा जहां शैक्षणिक संस्थानों में सैमिनार करवाकर युवा पीढ़ी को गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं से परिचित करवाया जा रहा है, वहीं विभिन्न स्थानों पर कीर्तन दरबार भी आयोजित किए जा रहे है। इसके अलावा विशेष मोबाइल वैनों के माध्यम से प्रदेश के गांवों में गुरु जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जा रही है।
 
विद्यार्थियों को श्री गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को गुरु जी द्वारा दर्शाए मार्ग पर चलते हुए मानवता की भलाई के लिए आगे आना चाहिए।
 
डेरा संत प्रीतम दास जी बाबे जोड़े से विशेष तौर से पहुंचे बहन संतोष जी ने सैमिनार के दौरान संबोधित करते हुए विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ गुरु जी की शिक्षाओं का अध्ययन करने की अपील की। उन्होंने गुरु जी के उपदेशों की समकालीन प्रासंगिकता को समझने पर जोर दिया।
 
डेरा संत प्रीतम दास जी बाबे जोड़े रायपुर-रसूलपुर से संत निर्मल दास जी ने संबोधित करते हुए गुरु जी के समानता, मेहनत, भाईचारे और सर्वसाझीवाल के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं और उपदेशों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के इस प्रयास की सराहना की।
 
संत प्रदीप दास जी, डेरा कठार ने युवाओं से श्री गुरु रविदास महाराज जी की सनातन शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर सामाजिक सद्भावना और समानता को और मजबूत करने को कहा।
 
श्री गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से पहुंचे पंजाबी विभाग के अध्यक्ष प्रो. मनजिंदर सिंह ने मुख्य भाषण देते हुए श्री गुरु रविदास जी की बाणी और सामाजिक बराबरी की विस्तृत व्याख्या की। उन्होंने श्री गुरु रविदास महाराज जी की विचारधारा की आधुनिक समाज में गहरी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
 
यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डा. मनोज कुमार द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का सेमिनार में पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
 
इस दौरान श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित आयोजित लेख और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
 
अंत में यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार एस.के. अरोड़ा द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य व्यक्तित्वों का धन्यवाद किया गया।
 
इस अवसर पर एस.डी.एम. शायरी मलहोत्रा, पंजाबी लोक गायक दलविंदर दयालपुरी, यूनिवर्सिटी के फैकल्टी सदस्य और विद्यार्थी भी मौजूद थे।