पंजाब सरकार द्वारा 15 करोड़ रुपये की लागत से किनारे मज़बूत करने से हुआ क्षेत्र का बड़ा बचाव – हरजोत सिंह बैंस
नंगल, 31 अगस्त () – पिछले कई वर्षों से भाखड़ा डैम के नज़दीकी ज़िला रूपनगर के हलका श्री आनंदपुर साहिब में भारी बरसात के दौरान दर्जनों गाँव पानी की मार से प्रभावित हो जाते थे। लेकिन इस बार सतलुज नदी के किनारे बसे गाँवों में डंगे लगवाने और किनारों को मज़बूत करने पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने विशेष ध्यान दिया। 15 करोड़ रुपये की लागत से किए गए इस कार्य से क्षेत्र अब तक बाढ़ की मार से सुरक्षित रहा है।
यह बात शिक्षा मंत्री श्री हरजोत सिंह बैंस ने अपने लड़ीवार कार्यक्रम साडा MLA साडे विच के अंतर्गत नंगल दो RVR में आयोजित जनसभा के दौरान कही।
उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को भाखड़ा डैम का स्तर 1673 फुट होना था, लेकिन अग्रिम तैयारियों के चलते यह 1672.62 फुट ही रहा। यह पहली बार हुआ है कि 30 वर्षों में सवा नदी में बार-बार अधिक पानी आने के बावजूद क्षेत्र के गाँव बड़े नुकसान से बच गए हैं। केवल हर्सा बेला गाँव में कुछ ठोकरों को नुकसान पहुँचा, जिसकी प्रशासन ने रातों-रात मरम्मत कर दी।
उन्होंने कहा कि हम पूरी तरह सतर्क हैं और आम लोगों से अपील करते हैं कि अफ़वाहों पर भरोसा न करें। सभी आधिकारिक सूचनाएँ कंट्रोल रूम और सरकारी माध्यमों से ही जारी की जा रही हैं। अफ़वाहों के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बनती है, जो लोगों के जीवन को प्रभावित करती है।
श्री बैंस ने कहा कि पहले नंगल, श्री आनंदपुर साहिब, कीरतपुर साहिब आदि इलाकों के गाँव बाढ़ से हमेशा प्रभावित रहते थे। इस बार भाखड़ा डैम से अतिरिक्त पानी क्रमबद्ध ढंग से छोड़ा गया, जिससे फसलों और जन-धन का नुकसान नहीं हुआ। ख़ास तौर पर हर्सा बेला गाँव में 4 करोड़ रुपये की लागत से नए डंगे लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वे स्वयं सुबह 6 बजे डंगों के प्रबंधों का जायज़ा लेते रहे और लोगों की सलाह पर भी पूरा ध्यान दिया गया। इसके अलावा, दसगराई, भलाण, नक्कियाँ आदि खड्डों की सफाई, नालियों और पुलियों में रुकावटें दूर की गईं, जिसके कारण अतिरिक्त बरसात के बावजूद क्षेत्र सुरक्षित रहा।
उन्होंने कहा कि सवा नदी ने इस बार 30–35 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, लेकिन परमात्मा की कृपा से क्षेत्र अब तक सुरक्षित है। भले ही आने वाले दिनों में भारी बरसात की संभावना है, फिर भी प्रबंध पूरी तरह मुकम्मल किए जा चुके हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि साडा MLA साडे विच कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को दफ्तरों की चक्कर काटने की परेशानी से बचाना है। लोग जब समस्या लेकर आते हैं तो अधिकारियों को तुरंत निर्देश देकर समाधान करवाया जाता है। इससे पहले भी जन सुनवाई कैंप – सरकार तुम्हारे द्वार और युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान के ज़रिए लोगों की समस्याओं का हल किया गया है।
श्री बैंस ने कहा कि हालाँकि श्री आनंदपुर साहिब हलका सुरक्षित है, पर पंजाब के अन्य क्षेत्रों में बाढ़ से बड़ी मार पड़ी है। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वॉलंटियर सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर राहत सामग्री और सहायता प्रभावित क्षेत्रों की ओर भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद जीवन को पटरी पर लाना भी बहुत ज़रूरी है, जिसके लिए वर्करों को सेवा भाव से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भले ही हमारा क्षेत्र सुरक्षित है, लेकिन हम भाईचारे की मिसाल पेश कर रहे हैं।
इस अवसर पर डॉ. संजीव गौतम (चेयरमैन, श्री गुरु रविदास आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी), दीपक सोनी (मीडिया कोऑर्डिनेटर), पंडित रोहित कालिया (ट्रक यूनियन प्रधान), सतीश चोपड़ा (ब्लॉक प्रधान), दया सिंह संधू (हलका शिक्षा कोऑर्डिनेटर), केसरी सिंह संधू, एडवोकेट निशांत गुप्ता, हितेश शर्मा, कुलविंदर सिंह बिंद्रा, अंकुश पाठक, पम्मू ढिल्लों, जीत राम रिंकू, नितिन शर्मा, दलजीत सिंह काका नानगरां समेत अन्य उपस्थित रहे।


