कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने तीन आम आदमी क्लीनिकों का किया उद्घाटन

कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने तीन आम आदमी क्लीनिकों का किया उद्घाटन

जालंधर, 25 जुलाई : पंजाब सरकार द्वारा पूरे राज्य में स्थापित किए जा रहे 100 नए आम आदमी क्लीनिकों की श्रृंखला के तहत आज जिले में 10 नए आम आदमी क्लीनिकों की शुरुआत की गई।  
 
इस मौके पर पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत द्वारा शहर के सिद्धार्थ नगर, भार्गो नगर और स्पोर्ट्स एवं सर्जिकल कॉम्प्लेक्स में तीन नए आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन किया गया।  
 
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इन नए क्लीनिकों के खुलने से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। इस मौके पर पंजाब गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत, सिविल सर्जन डा. राजेश गर्ग और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।  
 
श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के प्रत्येक वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार गंभीर प्रयास कर रही है और आम आदमी क्लीनिकों का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे विशेष रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।  
 
उन्होंने बताया कि जिले में 75 आम आदमी क्लीनिक पहले से ही लोगों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवा रहे है और आज 10 और नए आम आदमी क्लीनिक शुरू होने से इनकी संख्या 85 हो गई है। उन्होंने बताया कि आम आदमी क्लीनिकों में मरीजों को 107 तरह की दवाएं बिना किसी खर्च के मिल रही हैं। इसके साथ ही 47 तरह के लैब टेस्ट की सुविधा, गर्भवती महिलाओं के लिए सूचीबद्ध सेंटर पर मुफ्त स्कैनिंग और ओ.पी.डी. के दौरान एंटी-रेबीज वैक्सीन की सुविधा भी मुफ्त उपलब्ध करवाई जा रही है।  
 
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र को हमेशा प्राथमिकता दी है। इसी के तहत लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना लागू की गई है, जिसके अंतर्गत 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों का सहारा बन रही है।  
 
इसी तरह, क्षेत्र विधायक करतारपुर बलकार सिंह द्वारा सराय खास में आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन किया गया।
उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिक स्वास्थ्य क्रांति का प्रतीक हैं, जहां आम लोगों को अपने घरों के नजदीक ही मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस क्लीनिक के खुलने से इलाके और आस-पास के लोगों को बहुत फायदा होगा।  
 
इसके अलावा गांव लसाड़ा, नंगल, सलेमपुर, गदाईपुर, लम्मा पिंड और पॉलिटेक्निक कॉलेज में भी आम आदमी क्लीनिकों की शुरुआत की गई।  
 
उद्घाटन समारोहों के दौरान काउंसलर आयूब दुग्गल, राज कुमार राजू, रूपा भगत और गुरजीत सिंह घुम्मण, ‘आप’ नेता स्टीफन कलेर, सुदेश भगत के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।