स्पीकर संधवां द्वारा श्री गुरु अर्जन देव जी को उनके शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित
चंडीगढ़, 18 जून 2026:
पंजाब विधानसभा के स्पीकर स कुलतार सिंह संधवां ने आज पांचवें सिख गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी को उनके शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्पीकर संधवां ने श्री गुरु अर्जन देव जी द्वारा मानवता, हक-सच और धर्म की स्वतंत्रता के लिए दी गई सर्वोच्च कुर्बानी को याद करते हुए कहा कि श्री गुरु अर्जन देव जी का जीवन हम सभी को सर्व-शांति, मानवता और निस्वार्थ सेवा का संदेश देता है।
स्पीकर संधवां ने कहा कि श्री गुरु अर्जन देव जी ब्रह्मज्ञानी तथा सहनशीलता की प्रतिमूर्ति थे। जुल्म और अत्याचार के विरुद्ध उनके द्वारा दी गई महान कुर्बानी का विश्व इतिहास में कोई सानी नहीं है। उन्होंने मानवता को परमात्मा से जुड़ने तथा साहस और धैर्य के साथ जीवन जीने का मार्ग दिखाया।
स्पीकर संधवां ने आदि ग्रंथ, अर्थात् श्री गुरु ग्रंथ साहिब के संकलन तथा श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) के निर्माण में पांचवें गुरु जी के ऐतिहासिक योगदान पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पवित्र स्थल आज विश्वभर में आपसी भाईचारे, समानता और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक है।
स. कुलतार सिंह संधवां ने पंजाब के लोगों से गुरु साहिब की महान शिक्षाओं पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने सभी से सांप्रदायिक सद्भाव, शांति और आपसी प्रेम की भावनाओं को सक्रिय रूप से बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि यही गुरु साहिब की अमर विरासत को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


