स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने संत कबीर दास जी के प्रकाश पर्व पर श्रद्धासुमन अर्पित किए
चंडीगढ़, 28 जून 2026:
पंजाब विधानसभा के स्पीकर स. कुलतार सिंह संधवां ने आज महान संत, कवि एवं दार्शनिक संत कबीर दास जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने संदेश में स्पीकर ने कहा कि संत कबीर दास जी की शिक्षाएं आज के समय में भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके जीवनकाल में थीं। उन्होंने कहा कि संत कबीर जी ने अपने पूरे जीवन में सामाजिक कुरीतियों, जाति-पाति के भेदभाव तथा धार्मिक कट्टरता के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने मानवता को प्रेम, शांति, समानता और भाईचारे का संदेश दिया तथा समाज को ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होकर रहने की प्रेरणा दी।
स्पीकर ने आगे कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में भगत कबीर जी की पावन वाणी का शामिल होना उनके गहन आध्यात्मिक दर्शन और समतामूलक समाज की स्थापना के प्रति उनकी दूरदृष्टि का प्रमाण है। उन्होंने पंजाबवासियों से आह्वान किया कि वे संत कबीर जी द्वारा दिखाए गए सत्य, मानवता, सामाजिक सद्भाव और समानता के मार्ग पर चलकर एक बेहतर, न्यायपूर्ण और समावेशी समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।


