फिरोजपुर में सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम; 45 किलोग्राम हेरोइन, 3 किलोग्राम आईसीई बरामद

फिरोजपुर में सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम; 45 किलोग्राम हेरोइन, 3 किलोग्राम आईसीई बरामद

चंडीगढ़/फिरोजपुर, 25 अगस्त:

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए, काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त अभियान के दौरान फिरोजपुर के गांव गजनीवाला के सीमावर्ती क्षेत्र से 44.5 किलोग्राम हेरोइन और 3 किलोग्राम मेथामफेटामाइन, जिसे आईसीई ड्रग के रूप में जाना जाता है, की बड़ी खेप बरामद कर सीमा पार से नशा तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

यह खेप सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि विशेष सूचना के आधार पर सीआई फिरोजपुर द्वारा बीएसएफ के साथ संयुक्त अभियान के तहत फिरोजपुर के गांव गजनीवाला के खेतों में घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (सीएएसओ) चलाया गया। उन्होंने बताया कि सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने और सीमा पार के हैंडलरों से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) काउंटर इंटेलिजेंस आशीष चौधरी ने बताया कि गजनीवाला क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट ड्रोन गतिविधि के संबंध में विश्वसनीय स्रोत से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए फिरोजपुर जिले की पुलिस टीमों ने तुरंत बीएसएफ के साथ जानकारी साझा की और संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।

उन्होंने कहा, "आसपास के खेतों की पूरी तरह तलाशी लेने पर पुलिस और बीएसएफ की टीमों ने गजनीवाला क्षेत्र से हेरोइन और आईसीई ड्रग की खेप बरामद की।"

आईजीपी ने बताया कि खेप भेजने वाले तस्करों और उनके भारतीय सहयोगियों, जिन्हें यह खेप प्राप्त करनी थी, की पहचान करने के लिए जांच जारी है।

इस संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर नंबर 19 दिनांक 25/8/2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी और 29 के तहत पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), फाजिल्का में दर्ज की गई है।