सी.ई.ओ. पंजाब द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) संबंधी आई.टी. मॉड्यूलों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित
चंडीगढ़, 5 जून
भारत निर्वाचन आयोग (ई.सी.आई.) द्वारा मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) 2026 कार्यक्रम के अंतर्गत आज यहां पंजाब, हरियाणा तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के चुनाव अधिकारियों एवं तकनीकी अधिकारियों के लिए एक बड़े स्तर का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह प्रशिक्षण सत्र निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान के दौरान अधिकारियों को स्थापित की जा रही सूचना प्रौद्योगिकी प्रणालियों तथा सॉफ्टवेयर अनुप्रयोगों से भली-भांति परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य प्रक्रियागत समझ में एकरूपता लाना, आई.टी. तैयारियों को मजबूत करना तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया के सुचारु एवं प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।
मुख्य चुनाव अधिकारी (सी.ई.ओ.) पंजाब, अनिंदिता मित्रा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण यह सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण अभ्यास है कि अंतिम मतदाता सूचियां पूर्णतः सही, समावेशी और अद्यतन हों। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पूर्ण अखंडता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशिक्षित कार्मिकों की उपलब्धता तथा आधुनिक प्रौद्योगिकी का रणनीतिक उपयोग अत्यंत आवश्यक है।
तकनीकी सत्रों का संचालन भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों और आई.टी. विशेषज्ञों द्वारा किया गया। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से प्रमुख प्रतिभागियों एवं संचालकों में डॉ. सीमा खन्ना तथा तकनीकी विशेषज्ञों की एक विशेष टीम शामिल थी।
सत्र के समापन पर पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को पूर्णतः पेशेवर, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित तरीके से लागू करने के प्रति राज्य के चुनावी अमले की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया।


