कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल द्वारा बहु-करोड़ी पुलों और पक्के खालों का उद्घाटन

कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल द्वारा बहु-करोड़ी पुलों और पक्के खालों का उद्घाटन

*चंडीगढ़/फरीदकोट, 24 जून:*

पंजाब के जल संसाधन मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने फरीदकोट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न बहु-करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ फरीदकोट के विधायक स. गुरदित्त सिंह सेखों भी उपस्थित थे।

श्री बरिंदर कुमार गोयल ने तलवंडी रोड, फरीदकोट स्थित राजस्थान फीडर नहर तथा फरीदकोट-कोटकपूरा रोड पर सरहिंद फीडर नहर के ऊपर निर्मित नए सिंगल स्पैन स्टील पुलों का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि फरीदकोट शहर की दो प्रमुख सड़कों पर बने ये पुल आधुनिक तकनीक से तैयार किए गए हैं। पहले इन स्थानों पर बने पुल लगभग 60 वर्ष पुराने थे, जिनके कारण बढ़ते यातायात के मद्देनज़र लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

उन्होंने बताया कि नए पुलों की कैरिज वे की चौड़ाई 7.5 मीटर रखी गई है तथा दोनों ओर 1.20 मीटर चौड़े पैदल मार्ग भी बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुल 38 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से बने इन पुलों से फरीदकोट शहर तथा आसपास के क्षेत्रों की यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान हुआ है और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं प्राप्त हुई हैं।

इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री ने गांव हसन भट्टी में नहरी मोघे तथा फरीदकोट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 21 मोघों के पक्के खालों का उद्घाटन भी किया।

अपने संबोधन में श्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों के कल्याण और राज्य के सिंचाई ढांचे को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि फरीदकोट क्षेत्र में पक्के पानी के खालों के निर्माण से नहरी पानी के सुव्यवस्थित उपयोग को सुनिश्चित किया गया है, जिससे किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कुल 21 विकास कार्यों के अंतर्गत 34.50 किलोमीटर लंबे पक्के खालों का निर्माण किया गया है, जिन पर लगभग 11.90 करोड़ रुपये की लागत आई है। इन परियोजनाओं से 780 एकड़ क्षेत्र को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। पक्के खालों के माध्यम से पानी की बर्बादी नहीं होगी और पानी की पहुंच खेतों तक तेज़ी तथा सुचारु रूप से होगी, जिससे किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी।

श्री गोयल ने नाबार्ड योजना के अंतर्गत 96.16 लाख रुपये की लागत से तैयार भूमिगत पाइपलाइन परियोजना का उद्घाटन भी किया। इस परियोजना से सिंचाई प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाया गया है, जिससे किसानों को पानी की सुव्यवस्थित तथा समय पर उपलब्धता सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा पानी के संरक्षण तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए ऐसी परियोजनाएं लगातार लागू की जा रही हैं।

विधायक स.गुरदित्त सिंह सेखों ने कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल का फरीदकोट विधानसभा क्षेत्र को विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सिंचाई और आधारभूत ढांचे से संबंधित ये परियोजनाएं किसानों तथा आम लोगों के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होंगी। उन्होंने कहा कि आज जल संसाधन मंत्री श्री गोयल द्वारा 50 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं जनता को समर्पित की गई हैं, जिससे फरीदकोट क्षेत्र के गांवों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी तथा पुलों के निर्माण से परिवहन व्यवस्था और अधिक सुगम होगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नहरों, रजवाहों और कस्सियों में पानी की क्षमता बढ़ाकर किसानों को खेती के लिए पहले से अधिक पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे।

इस अवसर पर श्री गुरतेज सिंह खोसा (चेयरमैन, प्लानिंग बोर्ड), श्री गगनदीप सिंह ढालीवाल (चेयरमैन, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट फरीदकोट), श्री अमनदीप सिंह बाबा (चेयरमैन, मार्केट कमेटी फरीदकोट), एस.डी.एम. फरीदकोट श्री पुनीत शर्मा, एस.सी. श्री संदीप गोयल, एक्सियन रमनप्रीत सिंह मान, एक्सियन संदीप कम्बोज, श्री राजिंदर सिंह रिंकू समाधांवाला, श्री प्रीतम सिंह भाणा, श्री जगमोहन सिंह विरक (मंडल भूमि रक्षा अधिकारी), श्रीमती राजविंदर कौर (मंडल भूमि रक्षा अधिकारी), श्री जसप्रीत सिंह (भूमि रक्षा अधिकारी), श्री गुरपिंदर सिंह (कृषि अधिकारी), श्री नीलकरण सिंह (सीनियर सहायक), जल संसाधन विभाग एवं भूमि एवं जल संरक्षण विभाग के अधिकारी, पंचायती प्रतिनिधि, किसान तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।