बैकफिंको द्वारा पिछड़ी श्रेणियों और अल्पसंख्यक वर्ग के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए
चंडीगढ़, 24 जून:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार हर वर्ग की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए सामाजिक न्याय, अधिकारिता और अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार पंजाब पिछड़ी श्रेणियाँ भूमि विकास एवं वित्त निगम (बैकफिंको) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 142वीं बैठक बैकफिंको के चेयरमैन श्री संदीप सैणी की अध्यक्षता में हुई।
इस बैठक के दौरान पंजाब राज्य की पिछड़ी श्रेणियों, अल्पसंख्यक वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की भलाई के लिए पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का राज्य के जरूरतमंद व्यक्तियों को अधिक से अधिक लाभ पहुँचाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अधिक जानकारी देते हुए बैकफिंको के चेयरमैन संदीप सैणी ने बताया कि अल्पसंख्यक वर्ग (सिख, मुस्लिम, बौद्ध, पारसी) के लिए चलाई जा रही एन.एम.डी. योजना के तहत लाभार्थियों की वार्षिक पारिवारिक आय को क्रेडिट लाइन-1 के तहत 98,000/- रुपये से बढ़ाकर 3 लाख रुपये किया गया और क्रेडिट लाइन-2 के तहत 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये किया गया है। छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने के लिए नई स्मॉल बिजनेस योजना को मंजूरी दी गई और बैकफिंको की ऋण प्रणाली को सरल बनाने के लिए निर्णय लिए गए हैं। इससे पंजाब राज्य के पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार स्थापित करने के अधिक से अधिक अवसर दिए जा सकेंगे।
श्री सैणी ने बताया कि बैठक में लाभार्थियों और निगम के हितों को ध्यान में रखते हुए और भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इस बैठक में बैकफिंको के वाइस चेयरमैन श्री हरजिंदर सिंह सीचेवाल, कार्यकारी निदेशक श्री जी.एस. सहोता, आई.ए.एस., बोर्ड के निदेशक श्री जसवीर सिंह, श्री दिनेश कश्यप, सहायक महाप्रबंधक (अमला) श्री शुखविंदर सिंह और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के प्रतिनिधि शामिल थे।


