भगवंत मान सरकार ने 180 ईटीटी टेट पास शिक्षकों की वेतन समानता की मांग का किया समाधान: हरपाल सिंह चीमा

भगवंत मान सरकार ने 180 ईटीटी टेट पास शिक्षकों की वेतन समानता की मांग का किया समाधान: हरपाल सिंह चीमा

चंडीगढ़, 21 अक्टूबर, 2026:

कर्मचारियों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए भगवंत मान सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, जो कर्मचारियों के मामलों के समाधान के लिए गठित कैबिनेट सब -कमेटी के अध्यक्ष भी हैं, ने आज यहां घोषणा की कि शिक्षा विभाग द्वारा 180 ईटीटी टेट पास शिक्षक यूनियन की वेतन समानता और अन्य सेवा संबंधी मामलों के समाधान के संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।

कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने स्वयं यूनियन के प्रतिनिधियों को सरकारी आदेशों की प्रति सौंपी। स्कूल शिक्षा निदेशालय (प्राथमिक) द्वारा जारी इन आदेशों में वित्त विभाग के निर्देशों और संबंधित न्यायिक निर्णयों के अनुसार वेतन निर्धारण को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही यह भी बताया गया कि वर्ष 2016 से वित्तीय लाभों और नियुक्ति में समानता से जुड़े मामलों की जांच के लिए एक पूर्व अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, ताकि आगे की कार्रवाई निर्धारित की जा सके।

इस महत्वपूर्ण घोषणा के बाद वित्त मंत्री ने शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न प्रतिनिधि यूनियनों और मोर्चों के साथ बैठकों का एक लंबा सिलसिला चलाया, ताकि उनके मांग-पत्रों की समीक्षा करके समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सके।

मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रतिनिधिमंडलों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और आश्वासन दिया कि कैबिनेट सब -कमेटी जायज मांगों पर सक्रियता से काम कर रही है तथा सभी लंबित मामलों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से समाधान करने के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्रवाई कर रही है।

विचार-विमर्श के दौरान ईटीटी टेट पास बेरोजगार शिक्षक यूनियन (पंजाब) ने राज्य के शिक्षा विभाग में ईटीटी कैडर के रिक्त पदों का विज्ञापन जारी करने और उन्हें तत्काल भरने की मांग उठाई। बेरोजगार बीएड टेट पास शिक्षक यूनियन, पंजाब ने सरकार से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और कैडर से संबंधित लंबित मामलों का समाधान करने की अपील की। बेरोजगार विशेष शिक्षक मोर्चा, पंजाब ने शेष रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती अभियान पूरा करने की मांग रखी।

इसके अतिरिक्त, विशेष कैडर शिक्षक मोर्चा, पंजाब ने संविदा आधार पर कार्यरत तथा विशेष कैडर के शिक्षकों के लिए नियमित वेतनमान लागू करने, सेवा नियमों, अवकाश संबंधी लाभों और पदोन्नति के अवसरों की मांग को लेकर मांग-पत्र सौंपे। ईटीटी 2364 बेरोजगार शिक्षक यूनियन, पंजाब ने शेष प्रतीक्षा सूचियां जारी करने तथा चयनित उम्मीदवारों को स्टेशन आवंटित करने या स्थानांतरण के अवसर प्रदान करने की मांग की।
एनएसक्यूएफ व्यावसायिक शिक्षक मोर्चा (पंजाब) के मांग-पत्र में व्यावसायिक शिक्षकों को निजी कंपनियों के ठेकों से मुक्त करके नियमित नियमों के तहत सीधे शिक्षा विभाग के अधीन लाने की मांग प्रमुख रही। बेरोजगार लाइब्रेरियन मोर्चा, पंजाब ने सरकारी स्कूलों में पुस्तकालयाध्यक्षों की भारी कमी को दूर करने के लिए स्कूल लाइब्रेरियन के रिक्त पदों का विज्ञापन जारी करने की मांग की। लेक्चरर भर्ती पंजाब (लेक्चरर भर्ती 1067) के प्रतिनिधियों ने भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए शेष पांच विषयों की परीक्षाओं की तिथियां निर्धारित करके परीक्षाएं आयोजित करवाने का अनुरोध किया। इसके अलावा, ईटीटी टेट पास 5994 बैकलॉग शिक्षक यूनियन, पंजाब ने शेष उम्मीदवारों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने तथा लंबित बैकलॉग पदों को आरक्षण से मुक्त करके भरने पर जोर दिया।

इस दौरान बीएड टेट पास बेरोजगार शिक्षक यूनियन, पुनर्बहाल कच्चे शिक्षक यूनियन तथा बेरोजगार पीएस टेट पास आर्ट एंड क्राफ्ट संघर्ष यूनियन के प्रतिनिधियों ने भी वित्त मंत्री के साथ अलग-अलग बैठकों में अपने मुद्दों और समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। 

Advertisement

Latest

प्रदेश की समृद्ध खेल विरासत को पुनर्जीवित करने की दिशा में पंजाब सरकार के सराहनीय प्रयासों का प्रमाण : मीत हेयर
भगवंत मान सरकार पनबस/पी.आर.टी.सी. के ठेका कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध, 29 अक्टूबर को होगी समीक्षा बैठक: हरपाल सिंह चीमा
भगवंत मान सरकार ने 180 ईटीटी टेट पास शिक्षकों की वेतन समानता की मांग का किया समाधान: हरपाल सिंह चीमा
मुख्यमंत्री भगवंत मान आजादी के बाद पहली बार जालंधर लेकर आए अंतरराष्ट्रीय हॉकी, पंजाबियों से टीम इंडिया का हौसला बढ़ाने के लिए स्टेडियम भरने की अपील: मीत हेयर
मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रयासों से पंजाब को पहली बार एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी की मेज़बानी मिली: सरबजीत सिंह