सड़क सुरक्षा माह के तहत जिला में चलाया जा रहा है व्यापक जागरूकता अभियान

सड़क सुरक्षा माह के तहत जिला में चलाया जा रहा है व्यापक जागरूकता अभियान

होशियारपुर, 22 जनवरी:
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिला होशियारपुर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन एवं एसएसपी संदीप कुमार मलिक के नेतृत्व में प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) अमनदीप कौर ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान विभिन्न विभागों के सहयोग से बहुआयामी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिले के सरकारी एवं निजी स्कूलों में विद्यार्थियों को यातायात नियमों, हेलमेट व सीट बेल्ट के महत्व, सुरक्षित वाहन चलाने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कम उम्र से ही बच्चों में सड़क सुरक्षा की समझ विकसित हो सके।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, जिससे रात्रि के समय दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। इसके अतिरिक्त जिले भर में प्रदूषण जांच अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र (पीयूसी) चलने वाले वाहनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

आरटीओ अमनदीप कौर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कर स्वयं व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।