गैंगस्टरों ते वार का 172वां दिन: पंजाब पुलिस ने 661 स्थानों पर छापेमारी कर 417 लोगों को किया काबू
चंडीगढ़, 11 जुलाई:
राज्य में चल रहे ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के 172वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 661 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान—पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने की निर्णायक मुहिम—20 जनवरी, 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा शुरू की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं।
अभियान के 172वें दिन पुलिस टीमों ने 417 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 46,774 हो गई है।
इसके अतिरिक्त, 348 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने 13 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर वांछित अपराधियों एवं गैंगस्टरों के संबंध में गोपनीय रूप से सूचना दे सकते हैं तथा अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों के बारे में भी जानकारी साझा कर सकते हैं।
इस दौरान पंजाब पुलिस ने नशों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 497वें दिन भी कार्रवाई जारी रखते हुए 126 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 987 ग्राम हेरोइन, 10 किलोग्राम भुक्की, 1,477 नशीली गोलियां तथा 3,500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
इसके साथ ही, पिछले 497 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 73,302 हो गई है।
नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत पंजाब पुलिस ने आज 10 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने एवं पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया।


